रांची में श्रमिकों ने बकाया वेतन भुगतान में देरी को लेकर प्रदर्शन किया
माधव
- 21 Apr 2026, 09:45 PM
- Updated: 09:45 PM
रांची, 21 अप्रैल (भाषा) झारखंड की राजधानी रांची में वस्त्र निर्यात करने वाली एक कंपनी के एक हजार से अधिक श्रमिकों ने मंगलवार को वेतन भुगतान में देरी को लेकर फैक्टरी के द्वार पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में ज्यादातर महिला श्रमिक शामिल थीं।
अधिकारियों ने बताया कि इस विरोध प्रदर्शन के कारण खेलगांव-टाटीसिलवे मार्ग पर करीब चार घंटे तक यातायात बाधित रहा।
'ओरिएंट क्राफ्ट फैशन इंडस्ट्रीज लिमिटेड' के मानव संसाधन प्रबंधक (एचआर मैनेजर) रवि भूषण ने यह स्वीकार किया कि वेतन बकाया है और कहा कि अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ के कारण कपड़ों के निर्यात में भारी कमी आई है।
प्रदर्शनकारियों में शामिल एक महिला श्रमिक, ज्योति देवी ने आरोप लगाया कि उन्हें फरवरी और मार्च महीने का वेतन नहीं मिला है।
उन्होंने कहा, "अप्रैल में मुझे दो किस्तों में केवल 1,500 रुपये मिले, जबकि कंपनी में हमारा वेतन तय है। जब हमने भुगतान के संबंध में प्रबंधन से संपर्क किया, तो उन्होंने केवल आश्वासन दिया लेकिन वास्तव में वह कुछ नहीं कर रहे हैं।"
बिहार के समस्तीपुर जिले की एक अन्य श्रमिक कोमल कुमारी ने कहा कि वह पिछले दो महीनों से बिना वेतन के काम कर रही है और अब उसके लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।
वहीं, 2018 से उत्पादन विभाग में ऑपरेटर के रूप में कार्यरत सोनी देवी ने बताया कि पिछले तीन महीनों से वेतन में हो रही देरी की वजह से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, "हमारे घर के खर्च बढ़ रहे हैं और बच्चों की ट्यूशन फीस का भुगतान करने में देरी हो रही है।"
एचआर प्रबंधक ने बताया कि फैक्टरी में लगभग 2,400 महिला कर्मचारी काम करती हैं और कंपनी जल्द से जल्द उनके बकाए का भुगतान करने की कोशिश कर रही है।
रवि भूषण ने बताया, "मैंने उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया है और वे बुधवार को यहां आकर श्रमिकों के साथ बैठक करेंगे। वैश्विक संकट के कारण कंपनी वित्तीय दबाव का सामना कर रही है। अमेरिका द्वारा लगाए गए शुल्क की वजह से वस्त्र निर्यात पर बुरा असर पड़ा है।"
रांची के उप श्रम आयुक्त अविनाश कृष्णा ने कहा कि कंपनी प्रबंधन के साथ बातचीत हुई।
उन्होंने कहा, "प्रबंधन ने हमें भरोसा दिलाया है कि वे पिछले दो महीनों का वेतन भुगतान सोमवार तक कर देंगे। बुधवार को कंपनी के मालिक के साथ वेतन भुगतान में अनियमितताओं और कर्मचारियों से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।"
खेलगांव थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि प्रबंधन द्वारा बकाया वेतन के भुगतान का आश्वासन दिए जाने के बाद श्रमिकों ने सड़क से जाम हटा दिया।
यह प्रदर्शन उत्तर प्रदेश के नोएडा औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों के बीच हाल में हुए असंतोष की घटनाओं के कुछ ही दिनों बाद सामने आया है।
भाषा
शुभम माधव
माधव
2104 2145 रांची