ईरान युद्ध के दौरान यूक्रेनी सेना ने पश्चिम एशिया के देशों में 'शाहेद' ड्रोन मार गिराये : जेलेंस्की
अविनाश
- 10 Apr 2026, 03:48 PM
- Updated: 03:48 PM
कीव, 10 अप्रैल (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि ईरान युद्ध के दौरान यूक्रेनी सेना ने पश्चिम एशिया के कई देशों में ईरानी डिजाइन वाले 'शाहेद' ड्रोनों को मार गिराया।
जेलेंस्की ने कहा कि ये अभियान एक व्यापक रणनीति का हिस्सा हैं, जिसके तहत यूक्रेन अपने सहयोगी देशों को उन हथियारों से निपटने में मदद कर रहा है जिनका इस्तेमाल रूस उसके खिलाफ कर रहा है।
राष्ट्रपति ने इन अभियानों की पहली बार सार्वजनिक रूप से पुष्टि बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में की, जिसे शुक्रवार को सार्वजनिक किया गया।
उन्होंने कहा कि यूक्रेनी बलों ने देश में विकसित और युद्ध में परखे गए 'इंटरसेप्टर' ड्रोन का उपयोग करते हुए विदेशों में सक्रिय अभियानों में भाग लिया।
जेलेंस्की ने कहा, "यह किसी प्रशिक्षण मिशन या अभ्यास का मामला नहीं था, बल्कि एक ऐसे आधुनिक वायु रक्षा तंत्र के निर्माण में सहयोग देने की बात थी, जो वास्तव में प्रभावी ढंग से काम कर सके।''
ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच इस सप्ताह अस्थायी युद्धविराम तय होने से पहले यूक्रेन ने रक्षात्मक अभियानों में हिस्सा लिया था।
जेलेंस्की ने इसमें शामिल देशों के नाम उजागर नहीं किए, लेकिन कहा कि यूक्रेनी बल के जवानों ने कई देशों के वायु रक्षा तंत्र को मजबूत करने में मदद की।
उन्होंने पहले कहा था कि क्षेत्र में 228 यूक्रेनी विशेषज्ञों को तैनात किया गया था।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि इसके बदले में यूक्रेन को अपने ऊर्जा ढांचे की सुरक्षा के लिए हथियार मिल रहे हैं, साथ ही तेल, डीजल और कुछ मामलों में वित्तीय मदद भी प्राप्त हो रही है।
जेलेंस्की ने कहा कि ये समझौते देश की ऊर्जा स्थिरता को मजबूत करेंगे और इन साझेदारियों को उन्होंने ऐसी पहल बताया, जिसे "एक मॉडल के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा, "हम अपने देश की मजबूती के लिए मिलने वाले सहयोग के बदले उनकी सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने में मदद कर रहे हैं। यह धन प्राप्त करने से कहीं अधिक है।"
यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है जब इस बात को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं कि पश्चिम एशिया में बढ़ता संघर्ष यूक्रेन के लिए पश्चिमी सैन्य समर्थन, खासकर वायु रक्षा संबंधी आपूर्ति को प्रभावित कर सकता है।
हालांकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि सहयोगी देश पैट्रियट वायु रक्षा प्रणाली के लिए मिसाइलों की आपूर्ति जारी रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में नयी खेप पहुंची है और यूक्रेन सभी सहयोगी देशों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित कर रहा है कि उसकी वायु रक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
उन्होंने आगाह किया कि आने वाला वसंत और गर्मियों का मौसम यूक्रेन के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, क्योंकि अमेरिका में आंतरिक राजनीति और चुनावी व्यस्तताओं के बीच राजनीतिक और युद्धक्षेत्र दोनों मोर्चों पर दबाव बढ़ने की आशंका है।
जेलेंस्की ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा ईस्टर के अवसर पर अस्थायी युद्धविराम की घोषणा के बाद यूक्रेन भी उसी अनुरूप कदम उठाने के लिए तैयार है।
पुतिन ने बृहस्पतिवार को ऑर्थोडॉक्स ईस्टर सप्ताहांत के दौरान 32 घंटे के युद्धविराम की घोषणा करते हुए रूसी बलों को शनिवार शाम चार बजे से रविवार के अंत तक सैन्य कार्रवाई रोकने का निर्देश दिया।
हालांकि, इससे पहले हुए युद्धविराम के प्रयासों का खास असर नहीं पड़ा है, और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर उल्लंघन के आरोप लगाते रहे हैं।
एपी खारी अविनाश
अविनाश
1004 1548 कीव