अधिकारी की आत्महत्या: अमृतसर में भाजपा ने 'आप' सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, न्याय की मांग की
धीरज
- 04 Apr 2026, 08:36 PM
- Updated: 08:36 PM
(तस्वीरों के साथ)
चंडीगढ़, चार अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई ने 'वेयरहाउस कॉर्पोरेशन' के एक अधिकारी द्वारा हाल ही में की गई आत्महत्या को लेकर शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया और मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़, कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू सहित राज्य के सभी शीर्ष नेता अमृतसर के हॉल गेट पर आयोजित 'धरना' में शामिल हुए। अमृतसर स्थित 'पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन' के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने 21 मार्च को कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी।
बाद में एक वीडियो सामने आया जिसमें वह कथित तौर पर परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए दिखाई दिए। भुल्लर ने विवाद के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर उसी दिन मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया।
पट्टी से आप विधायक भुल्लर को रंधावा के आत्महत्या करने के दो दिन बाद गिरफ्तार किया गया था।
अमृतसर पुलिस ने भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), धारा 351 (3) (आपराधिक धमकी) और धारा 3 (5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है।
भाजपा की पंजाब इकाई के नेताओं ने यहां शनिवार को आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान आप सरकार एवं मुख्यमंत्री मान के खिलाफ नारेबाजी की और पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की।
जाखड़ ने विरोध स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ''यह कोई राजनीतिक लड़ाई नहीं है, यह रंधावा परिवार के लिए न्याय की लड़ाई है।''
जाखड़ ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवंत मान स्वयं ''दबाव में'' हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की सरकार मान नहीं बल्कि अरविंद केजरीवाल चला रहे हैं और मान महज ''नाममात्र के मुख्यमंत्री'' हैं।
जाखड़ ने चंडीगढ़ में एक अप्रैल को पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर हुए विस्फोट की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास भाजपा को रोक नहीं पाएंगे और वह रंधावा के परिवार के लिए न्याय की लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति की 'फर्जी' तरीके से मुठभेड़ में हत्या न हो।
भाजपा नेता चुघ ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर आप सरकार पर जमकर निशाना साधा और उसे ''विफल'' शासन बताया।
चुघ ने सवाल किया, '''पंजाब में कम से कम 20 ग्रेनेड हमले हुए, थानों को निशाना बनाया गया। इसके लिए कौन जिम्मेदार है?''
भाजपा की पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी ने रंधावा परिवार को न्याय दिलाने के लिए विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है।
शर्मा ने कहा, ''परिजनों को पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है। इसीलिए वे इस मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग कर रहे हैं।''
केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने कहा कि आरोपों की गंभीरता और रंधावा के परिवार द्वारा की गई भावनात्मक अपील के मद्देनजर मुख्यमंत्री को मामले की सीबीआई जांच का आदेश तुरंत देना चाहिए था।
भाषा यासिर धीरज
धीरज
0404 2036 चंडीगढ़