तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने भाजपा की 'डबल इंजन' वाली रणनीति पर साधा निशाना
माधव
- 04 Apr 2026, 06:26 PM
- Updated: 06:26 PM
कोलकाता, चार अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने भाजपा की ''डबल इंजन'' वाली रणनीति पर निशाना साधते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि जहां उसका एक इंजन लोकतांत्रिक संस्थानों का दुरुपयोग करके चलता है, तो वहीं दूसरा इंजन एआईएमआईएम, आईएसएफ और एजेयूपी जैसे ''स्थानीय एजेंटों'' की भर्ती करके ''सांप्रदायिक तनाव'' भड़काने का काम करता है।
बनर्जी ने कहा कि बंगाल जनता की, जनता द्वारा और जनता के लिए सरकार चुनेगा।
डायमंड हार्बर के सांसद ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया, ''हर जगह 'डबल इंजन' की ही रट लगाना। आपको पता है भाजपा का असली 'डबल इंजन' क्या है? एक इंजन लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने, निर्वाचन आयोग का दुरुपयोग करके वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने, राज्य तंत्र को अस्थिर करने के लिए ईमानदार अधिकारियों का तबादला करने और मतदाता सूचियों में हेराफेरी करने के लिए अवैध रूप से बाहरी लोगों को आयात करने पर चलता है।''
उन्होंने कहा, ''दूसरा इंजन एआईएमआईएम, आईएसएफ और एजेयूपी जैसे स्थानीय एजेंटों की भर्ती पर चलता है, जिनके जरिये सांप्रदायिक तनाव भड़काया जाता है, अशांति पैदा की जाती है, वोटो का ध्रुवीकरण किया जाता है और इसका फायदा भाजपा को पहुंचाया जाता है। लेकिन बंगाल की जनता इस गंदे खेल को पूरी तरह से समझ चुकी है।''
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बनर्जी ने कहा कि बंगाल पहले ही फैसला कर चुका है। उन्होंने कहा, ''बंगाल 'मां-माटी-मानुष' की सरकार चुनेगा, जो जनता की, जनता द्वारा और जनता के लिए होगी।''
बाद में, बीरभूम में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए, अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार ने नोटबंदी, एलपीजी संकट और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान लोगों को घंटों तक कतारों में खड़े रहने के लिए मजबूर किया है।
उन्होंने कहा, ''भाजपा हर बार बिना परिणामों और लोगों पर उनके प्रभाव पर विचार किये जल्दबाजी में निर्णय लेती है।''
बनर्जी ने भाजपा पर एसआईआर की आड़ में लाखों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि एसआईआर के बाद जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं होगा, तृणमूल कांग्रेस उन्हें सूची में फिर से शामिल कराने में मदद करेगी।
उन्होंने कहा, ''सड़कों से लेकर संसद और उच्चतम न्यायालय तक, तृणमूल कांग्रेस हमेशा जनता के साथ खड़ी रही है।''
बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा बंगाल के बाहर के लोगों के नाम यहां की मतदाता सूची में दर्ज कराने की कोशिश कर रही है और उन्होंने सभी से सतर्क रहने का आग्रह किया।
उन्होंने बीरभूम जिले के हंसन में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार काजल शेख के समर्थन में आयोजित रैली में कहा, ''सीईओ के कार्यालय में कई फॉर्म 6 जमा किए गए हैं। लेकिन हम किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेंगे। मैं शाम को इसकी गहन जांच करता हूं और हमारी पार्टी ऐसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है।''
मोदी सरकार पर बांग्ला भाषी लोगों को ''बांग्लादेशी'' करार देने का आरोप लगाते हुए, बनर्जी ने याद दिलाया कि उन्होंने सोनाली खातून को भी बांग्लादेश भेज दिया था, जबकि वह और उनका परिवार काफी समय से यहां रह रहे थे।
बनर्जी ने दावा किया कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की चौथी बार सत्ता में वापसी दिल्ली में मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करने का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में लोकतांत्रिक, उदार, प्रगतिशील और समावेशी सरकार बनाने में तृणमूल कांग्रेस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
0404 1826 कोलकाता