उत्तर कोरिया ने अमेरिकी मुख्यभूमि तक मार करने में सक्षम मिसाइल के इंजन का परीक्षण किया
रंजन
- 29 Mar 2026, 04:14 PM
- Updated: 04:14 PM
(परिवर्तित स्लग से जारी)
सियोल, 29 मार्च (एपी) उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने हथियारों के लिए उन्नत, उच्च-शक्ति वाले, ठोस-ईंधन चालित इंजन के परीक्षण का अवलोकन किया और इसे देश की सामरिक सैन्य क्षमता को मजबूत करने वाला बताया। सरकारी मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह परीक्षण अमेरिका और उसके सहयोगियों को निशाना बनाने वाली उन्नत मिसाइलें हासिल करने के किम के घोषित लक्ष्य के अनुरूप है लेकिन कुछ विशेषज्ञों का अनुमान है कि उत्तर कोरिया ने इस परीक्षण के बारे में संभवत: बढ़ा-चढ़ा कर दावा किया है।
'कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी' (केसीएनए) के यह जानकारी देने से कुछ दिन पहले ही, किम जोंग उन ने संसद में अपने भाषण में कहा था कि वह उत्तर कोरिया को स्थायी तरीके से परमाणु शक्ति संपन्न देश के रूप में स्थापित करेंगे और ''सबसे बड़े दुश्मन'' दक्षिण कोरिया के खिलाफ कड़ा रुख अपनाए रहेंगे। किम ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए अमेरिका पर आतंकवाद और आक्रामकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।
केसीएनए के अनुसार, किम ने मिश्रित कार्बन फाइबर सामग्री से बनाए गए नए उन्नत इंजन का 'ग्राउंड जेट' परीक्षण (इंजन का जमीन पर किया गया परीक्षण) देखा। एजेंसी ने बताया कि इंजन का अधिकतम थ्रस्ट 2,500 किलोटन है, जो सितंबर में इसी तरह के ठोस ईंधन चालित इंजन के एक परीक्षण में बताये गये लगभग 1,971 किलोटन से अधिक है।
केसीएनए की खबर में बताया कि यह परीक्षण देश के पांच-वर्षीय सैन्य विस्तार कार्यक्रम के तहत किया गया। इस योजना के उद्देश्यों में ''सामरिक हमले के साधनों'' को उन्नत करना शामिल है।
केसीएनए की खबर के अनुसार किम ने कहा कि नवीनतम इंजन परीक्षण का ''देश की सामरिक सैन्य ताकत को सर्वोच्च स्तर पर पहुंचाने में बहुत महत्व'' है।
केसीएनए की खबर में यह नहीं बताया गया कि यह परीक्षण कब और कहां हुआ।
पर्यवेक्षकों का कहना है कि इंजन की शक्ति बढ़ाने की यह कोशिश संभवतः एक ही मिसाइल पर कई आयुध लगाने के प्रयासों से जुड़ी है ताकि अमेरिकी रक्षा प्रणाली को भेदने की संभावना बढ़ाई जा सके।
हालांकि दक्षिण कोरिया के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नीति संस्थान के मानद अनुसंधान फेलो ली चून ग्यून ने कहा कि उत्तर कोरिया ने इस नवीनतम परीक्षण को लेकर संभवत: ''बढ़ा-चढ़ा कर दावे किए हैं'' क्योंकि उसने परीक्षण के बारे में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक नहीं कीं।
उत्तर कोरिया ने पिछले साल सितंबर के परीक्षण को ठोस ईंधन चालित इंजन का नौवां एवं अंतिम जमीनी परीक्षण बताया था। उस समय उसने कहा था कि इसका इस्तेमाल अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों (आईसीबीएम) के लिए किया जाएगा। उस समय पर्यवेक्षकों ने अनुमान लगाया था कि उत्तर कोरिया जल्द ही उस इंजन से लैस एक आईसीबीएम का परीक्षण करेगा, लेकिन उसने अब तक ऐसा नहीं किया है।
ली ने कहा कि उत्तर कोरिया के ठोस ईंधन चालित इंजन विकास कार्यक्रम में संभवत: कुछ देरी हो रही है या फिर देश ने शायद रूस की तकनीकी सहायता से एक और बेहतर इंजन विकसित करने का फैसला किया हो।
एपी सिम्मी रंजन
रंजन
2903 1614 सियोल