हरियाणा राज्यसभा चुनाव: भाजपा के संजय भाटिया, कांग्रेस के करमवीर बौद्ध निर्वाचित
शोभना
- 17 Mar 2026, 09:46 AM
- Updated: 09:46 AM
चंडीगढ़, 17 मार्च (भाषा) हरियाणा में सोमवार को राज्यसभा की दो सीट के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संजय भाटिया और कांग्रेस पार्टी के करमवीर सिंह बौद्ध को निर्वाचित घोषित किया गया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने देर रात संवाददाता सम्मेलन में दोनों नेताओं को उनकी जीत पर बधाई दी।
अधिकारियों ने बताया कि पांच वोट अमान्य घोषित किए गए जिनमें चार कांग्रेस के और एक भाजपा का है।
इन दो सीट के लिए तीन उम्मीदवार - भाजपा के भाटिया (58), कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध (61) और निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल (63) चुनाव मैदान में थे। भाजपा समर्थित नांदल ने 2019 में भाजपा के उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी।
मुख्यमंत्री सैनी ने निर्दलीय उम्मीदवार द्वारा प्राप्त कुल वोट का हवाला देते हुए कहा कि नांदल कांग्रेस उम्मीदवार से मामूली अंतर से हार गए।
सैनी ने दावा किया कि कांग्रेस के पांच विधायकों ने 'क्रॉस-वोटिंग' की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के चार विधायकों के वोट अमान्य घोषित कर दिए गए।
कांग्रेस की हरियाणा इकाई के प्रभारी महासचिव बी.के. हरिप्रसाद ने कहा कि क्रॉस-वोटिंग करने वाले और ''कांग्रेस के साथ विश्वासघात'' करने वाले विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
क्रॉस-वोटिंग करने वाले कांग्रेस विधायकों के बारे में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पत्रकारों से कहा, ''मैं उनके नाम नहीं लूंगा, लेकिन लोगों को समझ आ गया है और जनता उन्हें सबक सिखाएगी।''
हुड्डा ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा, ''उन्होंने हर तरह की चाल चली। लेकिन कांग्रेस ने 'अग्नि परीक्षा' (एक सीट जीतकर) पास की।''
मुख्यमंत्री सैनी ने चुनाव को रोचक बताया और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उस पर अपने विधायकों को बंधक बनाकर अलग-अलग जगहों पर स्थानांतरित करने का आरोप लगाया। उन्होंने मतदान से कुछ ही दिन पहले कांग्रेस विधायकों को हिमाचल प्रदेश स्थानांतरित किए जाने का जिक्र किया।
पार्टी के ये विधायक सोमवार सुबह हिमाचल प्रदेश से चंडीगढ़ लौटे।
सैनी ने कहा, ''मैंने पहली बार देखा कि कांग्रेस को अपने विधायकों पर भरोसा नहीं है।''
सैनी ने कहा कि कांग्रेस ''खत्म'' हो चुकी है और उसका ''कोई भविष्य नहीं'' है।
मुख्यमंत्री ने मतदान से अनुपस्थित रहने के लिए इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) की कड़ी आलोचना की और कहा कि इसने कांग्रेस की ''बी टीम'' के रूप में काम किया।
चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के प्रवेश करने के बारे में एक सवाल के जवाब में सैनी ने कहा, ''वे किसी को चुनाव लड़ने से कैसे रोक सकते हैं?''
हरियाणा विधानसभा में इनेलो के दो सदस्य हैं, पार्टी ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। पार्टी नेताओं अभय सिंह चौटाला और आदित्य देवी लाल ने कहा कि उन्होंने जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया।
शाम चार बजे मतदान समाप्त होने के बाद पांच बजे मतों की गिनती होनी थी लेकिन कांग्रेस और भाजपा ने मत की गोपनीयता के उल्लंघन की शिकायतें कीं जिसके कारण मतों की गिनती पांच घंटे से अधिक की देरी के बाद शुरू हुई।
परिणाम घोषित होने में देरी के बीच कांग्रेस विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उनकी पार्टी के उम्मीदवार बौद्ध ने जीत हासिल की है।
हुड्डा ने कहा, ''यह हमारी जीत है।''
बौद्ध, दीपेंद्र हुड्डा और अन्य नेताओं के साथ विजय चिह्न बनाते हुए हुड्डा ने कहा, ''यह 'प्रजातंत्र' की जीत और 'वोट चोरी' की हार है।''
चुनाव जीतने के बाद बौद्ध ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व, हुड्डा और राज्य के अन्य नेताओं को धन्यवाद दिया।
इससे पूर्व दिन में मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने पत्रकारों को बताया था कि भाजपा ने दो कांग्रेस विधायकों ऐलनाबाद के भरत सिंह बेनीवाल और टोहाना के परमवीर सिंह के खिलाफ "मत की गोपनीयता के उल्लंघन" के संबंध में चुनाव आयोग से शिकायत की।
इस पर कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने कहा कि जब इन विधायकों ने मतदान किया, तब कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई और आरोप लगाया कि यह शिकायत जानबूझकर शाम चार बजे के बाद दर्ज कराई गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भी भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री अनिल विज के खिलाफ मत की गोपनीयता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, निर्वाचन आयोग की हरी झंडी मिलने के बाद देर रात मतों की गिनती शुरू हुई।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर राज्यसभा चुनाव की निष्पक्षता में हस्तक्षेप करने के प्रयास का आरोप लगाया और पार्टी प्रतिनिधिमंडल की ओर से मुलाकात का वक्त मांगा।
नब्बे सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में भाजपा के 48 विधायक, कांग्रेस के 37, इनेलो के दो विधायक हैं और तीन निर्दलीय विधायक हैं।
भाषा
सुरभि शोभना
शोभना
1703 0946 चंडीगढ़