भारत महिला हॉकी विश्व कप क्वालीफायर के फाइनल में हारा, लेकिन विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया
नमिता
- 14 Mar 2026, 10:29 PM
- Updated: 10:29 PM
हैदराबाद, 14 मार्च (भाषा) भारत को एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वालीफायर के फाइनल में शनिवार को इंग्लैंड से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद टीम ने इस साल होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया।
दुनिया की छठे नंबर की टीम इंग्लैंड के लिए ग्रेस बाल्सडन ने 13वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 43वें मिनट में एलिजाबेथ नील ने मैदानी गोल कर इंग्लैंड की बढ़त 2-0 कर दी।
रैंकिंग में नौवें स्थान पर काबिज भारतीय टीम ने पूरी कोशिश की लेकिन इंग्लैंड की मजबूत रक्षा पंक्ति को भेद नहीं पाई।
इस टूर्नामेंट से चैंपियन इंग्लैंड, उपविजेता भारत और स्कॉटलैंड (जिसने इटली को 1-0 से हराया) ने विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया।
वर्ल्ड कप का यह चरण 14 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा जो पुरुषों के टूर्नामेंट के साथ ही होगा।
भारत ने खेल की शुरुआत शानदार तरीके से की। नवनीत कौर ने अपनी टीम को शुरुआती दो मिनट के अंदर ही एक पेनल्टी कॉर्नर दिलाने में मदद की। उन्होंने जो ड्रैग-फ्लिक मारी, उसे इंग्लैंड की गोलकीपर ने रोक दिया।
मेजबान टीम ने बहुत अनुशासित प्रदर्शन किया और अपनी रक्षात्मक पंक्ति को मजबूत बनाए रखा। साथ ही विरोधी टीम के पाले में भी सेंध लगाने की कोशिशें कीं।
पहले क्वार्टर के आखिर में हालांकि इंग्लैंड ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली और दो मिनट बाकी रहते एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया।
बाल्सडन ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने अपनी ड्रैग-फ्लिक से गेंद को गोल में पहुंचाया और इस टूर्नामेंट में पेनल्टी कॉर्नर से अपना पांचवां गोल दागकर इंग्लैंड को बढ़त दिला दी।
दूसरा क्वार्टर भी कुछ इसी अंदाज में शुरू हुआ। इस रोमांचक मुकाबले में दोनों ही टीमों ने एक-दूसरे को ज्यादा मौके नहीं दिए।
पहले हाफ में आठ बार सर्कल में घुसने के बावजूद भारत ने इंग्लैंड के डिफेंस को तो परेशान किया, लेकिन मौका नहीं बना। इससे पहले हाफ तक मेहमान टीम अपनी एक गोल की बढ़त बनाए रखने में कामयाब रही।
बढ़त हासिल करने के बाद इंग्लैंड ने नियंत्रण बरकरार रखा। भारत को दबाव बनाने के कुछ मौके मिले, लेकिन मेहमान टीम का डिफेंस मजबूत बना रहा।
आखिरकार इंग्लैंड ने नील (43वें मिनट) की बदौलत अपनी बढ़त को दोगुना कर दिया। इस मिडफील्डर का शॉट एक भारतीय डिफेंडर से टकराकर बीचू देवी को छकाते हुए गोल में जा घुसा। इस तरह तीसरे क्वार्टर के आखिर में मेहमान टीम 2-0 से आगे हो गई।
भारत ने गोल की तलाश जारी रखी। आखिरी क्वार्टर में भारत को आखिरी मिनटों में एक पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन वे गेंद को गोल में पहुंचाने में नाकाम रहे।
भाषा नमिता
नमिता
1403 2229 हैदराबाद