हरियाणा में राज्यसभा चुनाव से पहले राज्य के कांग्रेस विधायक हिमाचल प्रदेश पहुंचे
प्रशांत
- 13 Mar 2026, 10:41 PM
- Updated: 10:41 PM
चंडीगढ़/शिमला, 13 मार्च (भाषा) अपने विधायकों को एकजुट रखने के प्रयास में, कांग्रेस ने हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों पर 16 मार्च को होने वाले मतदान से पहले शुक्रवार को राज्य के पार्टी विधायकों को हिमाचल प्रदेश भेज दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
भाजपा के संजय भाटिया, कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल चुनाव मैदान में हैं।
हरियाणा के कांग्रेस विधायक दोपहर बाद चंडीगढ़ से रवाना हुए।
सूत्रों के अनुसार रात करीब आठ बजे तीन बसों से शिमला पहुंचे हरियाणा के कांग्रेस विधायकों को शहर के बाहरी इलाके कुफरी में दो होटलों में ठहराया गया है और उनके लिए 37 कमरे बुक किए गए हैं।
हालांकि, राज्य सरकार और अधिकारी इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं।
एक रिसॉर्ट में 'एयरलिफ्टिंग' के लिए पर्याप्त खुली जगह भी है। इससे पहले, सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में शिमला जा रहे कांग्रेस विधायकों का काफिला सोलन से गुजरता हुआ नजर आ रहा है।
विधानसभा में 37 विधायक होने के साथ कांग्रेस के पास उसके एक उम्मीदवार को जिता पाने के लिए जरूरी संख्या बल है। लेकिन 'क्रॉस-वोटिंग' की स्थिति में यह संभावना खतरे में पड़ सकती है।
इससे पहले दिन में चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक में शामिल होने वाले कांग्रेस नेताओं और विधायकों ने तो यह नहीं बताया था कि वे कहां जा रहे हैं , लेकिन सूत्रों ने कहा था कि वे हिमाचल प्रदेश जा रहे हैं, जहां पार्टी (कांग्रेस) की सरकार है।
सूत्रों ने कहा था कि वे मतदान के वास्ते शीघ्र ही लौट आयेंगे।
कांग्रेस विधायक चंडीगढ़ में पार्टी विधायक दल (सीएलपी) के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर एकत्रित हुए, जहां एक बैठक हुई और बाद में अधिकतर विधायक दो टेम्पो ट्रैवलर में सवार होकर रवाना हो गए।
हुड्डा ने दावा किया कि न केवल उनकी पार्टी का उम्मीदवार जीतेगा, बल्कि उसे 37 से अधिक वोट भी मिल सकते हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पार्टी महासचिव व हरियाणा मामलों के प्रभारी बी के हरिप्रसाद, दीपेंद्र हुड्डा एवं वरूण चौधरी समेत कई पार्टी सांसद भी विधायकों के साथ थे।
हालांकि, कुलदीप वत्स समेत कम से कम पांच विधायक पारिवारिक व्यस्तताओं या स्वास्थ्य के कारण नहीं गये। हुड्डा भी यहीं रुके हुए हैं।
रवाना होने से पहले, पत्रकारों से बात करते हुए, कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवार ने उस स्थान का खुलासा नहीं किया जहां वे जा रहे थे, लेकिन कहा कि वे एक 'प्रशिक्षण सत्र' के लिए जा रहे हैं क्योंकि पार्टी के लगभग आधे विधायक पहली बार के विधायक हैं तथा राज्यसभा चुनाव में मतदान प्रक्रिया में तकनीकी पहलू शामिल हैं।
हरियाणा से राज्यसभा की दो सीट खाली हो रही हैं। राज्यसभा के सदस्य के तौर पर भाजपा सांसद किरण चौधरी और राम चंद्र जांगड़ा का कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त हो रहा है।
हरियाणा विधानसभा में सत्ताधारी भाजपा के 48 विधायक, कांग्रेस के 37, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के दो विधायक हैं और तीन विधायक निर्दलीय हैं।
हुड्डा ने कहा, "हमारे उम्मीदवार को सभी 37 वोट मिलेंगे और शायद इससे भी अधिक।"
जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस विधायकों को कहां भेजा गया है, तो मीडिया से बातचीत के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में हुड्डा ने कहा, "मैंने उन्हें कहीं नहीं भेजा है, वे शायद अपनी मर्जी से गए हों। लेकिन मैंने किसी को नहीं भेजा... लेकिन वे मतदान से पहले लौट आएंगे।"
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में हुडा ने कहा, "मुझे नहीं पता कि कौन कहां गया है और कौन नहीं।"
भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार नांदल द्वारा कांग्रेस विधायकों की 'क्रॉस-वोटिंग' से जीत की उम्मीद लगाए जाने को लेकर जब हाल में हुड्डा से सवाल पूछा गया था कि कुछ कांग्रेस विधायक 'क्रॉस-वोटिंग' कर सकते हैं, तो उन्होंने उत्तर दिया, "ऐसी अटकलें केवल मीडिया में हैं।"
भाषा राजकुमार प्रशांत
प्रशांत
1303 2241 चंडीगढ़