तेल आपूर्ति संकट के बीच विदेश मंत्री जयशंकर ने रूसी विदेश मंत्री लावरोव से बात की
प्रशांत
- 11 Mar 2026, 09:26 PM
- Updated: 09:26 PM
नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण तेल-गैस आपूर्ति अस्थिर होने के बीच, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास से बातचीत की। इस बातचीत का मुख्य उद्देश्य संकट के प्रभावों का प्रबंधन और कूटनीतिक प्रयासों का समन्वय करना था।
ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को लगभग अवरुद्ध करने के बाद वैश्विक तेल और गैस की कीमतें तेजी से बढ़ गई हैं। यह संकरी जलसंधि फारस की खाड़ी एवं ओमान की खाड़ी के बीच स्थित है और लगभग 20 प्रतिशत वैश्विक तेल एवं एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) की आपूर्ति इसी मार्ग से होती है।
जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, "रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ टेलीफोन पर अच्छी बातचीत हुई। पश्चिम एशिया संघर्ष और संबंधित कूटनीतिक प्रयासों पर अपने आकलन साझा किए। साथ ही हमने हमारी द्विपक्षीय सहयोग एजेंडा का भी मूल्यांकन किया।"
यह अब तक स्पष्ट नहीं है कि भारत द्वारा रूसी कच्चे तेल की खरीद इस बातचीत में शामिल थी या नहीं।
जयशंकर एवं लावरोव की यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब अमेरिका ने भारत को 30 दिन के लिए अस्थायी छूट देने की घोषणा की थी, ताकि भारतीय रिफाइनरी ऊर्जा बाजार में व्यवधान को देखते हुए रूसी तेल खरीद सकें।
विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने यूरोपीय संघ की विदेश नीति और सुरक्षा मामलों की उच्च प्रतिनिधि काजा कल्लास के साथ पश्चिम एशिया संघर्ष और इसके प्रभावों पर "उपयोगी" चर्चा की।
पिछले कुछ दिनों में, जयशंकर ने पश्चिम एशिया संकट पर कई देशों के विदेश मंत्रियों के साथ फोन वार्ता की है।
मंगलवार को उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची, जर्मन विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल और दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्री चो ह्युन से बातचीत की।
कई अन्य देशों की तरह, भारत भी पेट्रोलियम उत्पादों, विशेष रूप से रसोई गैस की कमी से जूझ रहा है।
भारत अपनी 19.1 करोड़ मानक घनमीटर प्रति दिन गैस की खपत का लगभग आधा हिस्सा आयात के माध्यम से पूरा करता है।
होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से टैंकरों की आवाजाही रुक जाने के कारण, पश्चिम एशिया से करीब 6 करोड़ मानक घनमीटर प्रति दिन गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
भाषा रंजन प्रशांत
प्रशांत
1103 2126 दिल्ली