दिल्ली के द्वारका में शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग, परिवार के चार सदस्यों की दम घुटने से मौत
धीरज प्रशांत
- 25 Jun 2024, 11:01 PM
- Updated: 11:01 PM
नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) दिल्ली के द्वारका में प्रेम नगर इलाके के एक मकान में मंगलवार तड़के इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि विभाग को तड़के करीब साढ़े तीन बजे आग लगने की सूचना मिली जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान हीरा सिंह कक्कड़ (48), उनकी पत्नी नीतू (40) और उनके बेटे रॉबिन (22) और लक्ष्य (21) के रूप में हुई है। उसने बताया कि कक्कड़ पेशे से फोटोग्राफर थे और घर का मालिकाना हक उनके परिवार के पास था।
डीएफएस अधिकारी के मुताबिक दो मंजिला मकान की पहली मंजिल पर इन्वर्टर से आग लगी और यह बगल के सोफे तक फैल गई, जिससे घर में धुंआ भर गया।
पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन कर्मियों को घर में प्रवेश करने के लिए लोहे का गेट काटना पड़ा, जो अंदर से बंद था। इसकी वजह से बचाव अभियान में बाधा उत्पन्न हुई।
डीएफएस अधिकारी ने बताया कि आग पर कुछ ही मिनटों में काबू पा लिया गया लेकिन घर के अंदर काफी धुआं था।
अधिकारियों ने बताया कि पीड़ितों को राव तुलाराम स्मारक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कक्कड़ की मां सीता देवी इमारत के भूतल पर सो रही थीं और वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है। संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के महासचिव और पश्चिमी दिल्ली से सांसद कमलजीत सहरावत ने भी स्थिति का आकलन करने के लिए प्रेम नगर का दौरा किया और पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।
सहरावत ने घटना को ‘दुखद’ बताते हुए शोक संतप्त परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने का वादा किया।
परिवार के रिश्तेदारों ने घटना के बारे में बताया कि उन्हें रात करीब 2.15 बजे घर से शोर सुनाई दी।
बगल के फ्लैट में रहते वाले कक्कड़ के भाई गुरमीत ने बताया, ‘‘मैं सो रहा था जब मैंने हीरा की चीखने की आवाज सुनी। मैंने उनके घर का मुख्य द्वार खोलने की कोशिश की, जो अंदर से बंद था, लेकिन ऐसा नहीं कर सका।’’
गुरमीत ने बताया,‘‘स्थानीय लोगों की मदद से हमने पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया। जब तक वे पहुंचे, परिवार के सदस्य बेहोश हो चुके थे और फर्श पर पड़े थे।’’
उन्होंने आगे बताया कि आग बुझाने में दमकल विभाग को केवल पांच से सात मिनट लगे।
परिवार के एक अन्य रिश्तेदार ने पहचान गुप्त रखते हुए पर बताया कि उन्हें देर रात करीब 2.30 बजे लक्ष्य का फोन आया थ। वह मदद के लिए फोन पर चिल्ला रहा था और उसने उन्हें आग लगने की जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘जब तक हम घटनास्थल पर पहुंचे, उन सभी की दम घुटने से मौत हो चुकी थी।’’
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट होना प्रतीत हो रहा है। लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण का पता चल पाएगा।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है लेकिन अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘अगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई गड़बड़ी सामने आती है या जांच में आग लगने का कोई अन्य कारण पाया जाता है तो मामला दर्ज किया जा सकता है।’’
भाषा धीरज