फ्रांस सहयोगी देशों को परमाणु हथियारों से लैस लड़ाकू विमानों की अस्थायी तैनाती की अनुमति देगा
सुभाष
- 02 Mar 2026, 11:57 PM
- Updated: 11:57 PM
लील लॉन्ग (फ्रांस), दो मार्च (एपी) फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोमवार को घोषणा की कि उनका देश यूरोप की स्वतंत्रता को मजबूत करने के उद्देश्य से अपनी नयी परमाणु रणनीति के तहत सहयोगी देशों को परमाणु आयुध से लैस लड़ाकू विमानों की अस्थायी तैनाती की अनुमति देगा।
मैक्रों ने फ्रांस के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में स्थित लील लॉन्ग सैन्य अड्डे पर देश की परमाणु रणनीति के बारे में भाषण के दौरान ये घोषणाएं कीं।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि फ्रांस अपने परमाणु हथियारों की संख्या को बढ़ाएगा। वर्तमान में फ्रांस के पास 300 से कम परमाणु हथियार हैं। मैक्रों ने हालांकि परमाणु हथियारों में वृद्धि की कोई निश्चित संख्या नहीं बताई।
राष्ट्रपति ने कहा कि यह अभूतपूर्व नयी नीति "हमारे सामरिक वायु रक्षा बलों के कुछ तत्वों को सहयोगी देशों में अस्थायी रूप से तैनात करने का प्रावधान कर सकती है," लेकिन उन्होंने कहा कि परमाणु हथियारों के उपयोग के संबंध में किसी भी अन्य राष्ट्र के साथ निर्णय लेने में कोई साझेदारी नहीं होगी।
मैक्रों ने कहा कि इस तरह के समझौतों को लेकर ब्रिटेन, जर्मनी, पोलैंड, नीदरलैंड, बेल्जियम, यूनान, स्वीडन और डेनमार्क के साथ बातचीत शुरू हो गई है। इस सैन्य अड्डे पर देश की बैलिस्टिक मिसाइल से लैस पनडुब्बियां तैनात हैं।
मैक्रों के भाषण का उद्देश्य यह स्पष्ट करना था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बार-बार होने वाले तनावों से महाद्वीप में उठाई गई चिंताओं के बीच फ्रांसीसी परमाणु हथियार यूरोप की सुरक्षा में कैसे उपयुक्त हैं।
फ्रांसीसी संविधान के तहत सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ मैक्रों ने कहा कि फ्रांस अपने सहयोगी देशों को निवारक अभ्यासों में भाग लेने की अनुमति देगा और सहयोगी देशों की गैर-परमाणु सेनाओं को फ्रांस की परमाणु गतिविधियों में भाग लेने की अनुमति देगा।
यूरोपीय साझेदारों ने फ्रांस की नयी रणनीति का स्वागत किया। फ्रांस 2020 में यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के बाहर होने के बाद से यूरोपीय संघ में एकमात्र परमाणु शक्ति संपन्न देश है।
एक संयुक्त बयान में, मैक्रों और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने कहा, "फ्रांस और जर्मनी इस साल से पहला ठोस कदम उठाने पर सहमत हुए हैं, जिसमें फ्रांसीसी परमाणु अभ्यासों में जर्मन की पारंपरिक भागीदारी और रणनीतिक स्थलों का संयुक्त दौरा, साथ ही यूरोपीय भागीदारों के साथ पारंपरिक क्षमताओं का विकास शामिल है।"
नीदरलैंड्स की रक्षा मंत्री डिलान येसिलगोज-जेगेरियस और विदेश मंत्री टॉम बेरेनसेन ने सांसदों को लिखे एक पत्र में कहा कि नीदरलैंड्स परमाणु निरोध के मामले में फ्रांस के साथ रणनीतिक वार्ता कर रहा है।
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने 'एक्स' पर लिखा, "हम अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपनी सैन्य ताकत बढ़ा रहे हैं ताकि हमारे दुश्मन हमपर कभी हमले की हिम्मत न करें।"
एपी जोहेब सुभाष
सुभाष
0203 2357 लीललॉन्ग