दिल्ली सरकार इस साल दो लाख राशन कार्ड जारी करेगी: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
रंजन
- 27 Feb 2026, 10:17 PM
- Updated: 10:17 PM
नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली सरकार इस साल दो लाख नए राशन कार्ड जारी करेगी।
सरकार की पहली वर्षगांठ के अवसर पर उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में आयोजित प्रवास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि पिछले कई वर्षों से दिल्ली में नए राशन कार्ड जारी नहीं किए गए हैं।
उन्होंने कहा, "हम इस साल दो लाख राशन कार्ड जारी करने जा रहे हैं। "
हाल में, दिल्ली सरकार के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के विभाग द्वारा एक सत्यापन अभियान चलाया गया, जिसमें 2.76 लाख राशन कार्ड धारकों को नोटिस जारी किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि 1,000 से कुछ अधिक राशन कार्ड धारकों ने नोटिस का जवाब दिया।
नए नियमों के तहत, ए-ई श्रेणी की कॉलोनियों में रहने वाले, सरकारी नौकरी करने वाले, आयकर का भुगतान करने वाले, चार पहिया वाहन रखने वाले और दो किलोवाट से अधिक के बिजली कनेक्शन वाले लोग राशन कार्ड के लिए पात्र नहीं हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सरकार जल्द ही अपात्र लाभार्थियों को जारी किए गए राशन कार्ड रद्द करने का निर्णय ले सकती है।
सत्यापन प्रक्रिया से पता चला है कि 1.59 लाख राशन कार्ड धारकों के पास संपत्ति है, 77,000 से अधिक लोगों के पास वाहन हैं, 19,000 राशन कार्ड धारक कंपनी के निदेशक हैं, और 16,000 लोगों के पास अन्य राज्यों में राशन कार्ड हैं।
बाद में जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गुप्ता ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर पश्चिम दिल्ली का क्षेत्र लंबे समय तक उपेक्षित रहा, लेकिन पिछले एक साल में भाजपा सरकार ने 'अंत्योदय से ग्रामोदय' के लक्ष्य के साथ यहां विकास की ठोस शुरुआत की है।
उन्होंने अपने एक वर्ष के कार्यकाल को 'बदहाली से बदलाव' की यात्रा बताते हुए कहा कि इस दौरान क्षेत्र में सड़क, पानी और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं का युद्धस्तर पर विस्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नई परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस बीच शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में सीवर लाइन, व सड़क कार्यों का किया उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के हर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जा रहा है। वह इसी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन
2702 2217 दिल्ली