हम संकल्प पत्र के हर वादे को पूरा करेंगे: मुख्यमंत्री शर्मा
खारी
- 21 Feb 2026, 11:33 PM
- Updated: 11:33 PM
जयपुर, 21 फरवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को राज्य विधानसभा में कहा कि उनकी सरकार ने अपने संकल्प पत्र के अधिकांश वादों को पूरा किया है और वह अपने हर चुनावी वादे को पूरा करेगी।
शर्मा ने राज्य सरकार के दो साल के कामकाज का ब्योरा देते हुए यह बात कही।
उन्होंने विपक्षी कांग्रेस के विधायकों की नारेबाजी और सदन से बहिर्गमन पर कटाक्ष करते हुए कहा, ''इस मुद्दे पर विपक्ष को सार्थक बहस का अवसर दिया गया था, लेकिन पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने अपने पांच साल में कुछ नहीं किया और अब उनकी हिम्मत सच्चाई सुनने की नहीं है, इसलिए वे सदन छोड़कर चले गए।''
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने सुबह प्रतिवेदन 'सरकार @ 2 वर्ष: प्रगति एवं उत्कर्ष – 2024-25-2026' सदन में रखा।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए प्रतिवेदन की विषयवस्तु पर आपत्ति जताई। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
कांग्रेस के विधायकों ने आसन के निकट आकर नारेबाजी की, जिससे सदन की कार्यवाही पांच बार स्थगित करनी पड़ी।
शर्मा ने कहा, ''हर सरकार का उत्तरदायित्व है कि वह हर साल अपने कार्य का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखे। हमने अपने दोनों वर्षों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।''
उन्होंने कहा कि प्रतिवेदन में 'दो साल बनाम पांच साल' की तुलना के बावजूद विपक्ष के पास बोलने के लिए कुछ नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'आपणो अग्रणी राजस्थान संकल्प पत्र' के कुल 392 वादों में से 73 प्रतिशत पूरे किए जा चुके हैं या उनका कार्य प्रगतिरत है।
उन्होंने यह भी कहा, ''पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में कुल 4,148 घोषणाओं में से 2,208 यानी 53 प्रतिशत पूरी नहीं की गईं। विशेषकर अंतिम वर्ष 2023-24 में 1,426 घोषणाओं में से 1,142 यानी 80 प्रतिशत पर कोई काम नहीं हुआ।''
भजनलाल शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार नीतिगत विकास और योजनाओं को धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने कहा, ''मात्र दो वर्षों में 2719 बजट घोषणाओं में से 919 पूरी हो चुकी हैं और 1,531 पर कार्य प्रगतिरत है। इस तरह 90 प्रतिशत स्वीकृतियां जारी की गई हैं और 80 प्रतिशत घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं या कार्यान्वयन शुरू हो गया है।''
उन्होंने अपनी सरकार की अन्य उपलब्धियों और प्रमुख कार्यों का उल्लेख भी अपने संबोधन में किया।
भाषा पृथ्वी खारी
खारी
2102 2333 जयपुर