अफगानिस्तान को शीर्ष टीमों के खिलाफ और अधिक मैच खेलने की जरूरत है: राशिद
सुधीर
- 15 Feb 2026, 06:27 PM
- Updated: 06:27 PM
... अमित कुमार दास...
नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) छोटे देशों को बड़ी टीमों के खिलाफ नियमित रूप से खेलने का मौका देने की वकालत करते हुए अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने रविवार को यहां कहा कि उनकी टीम को किस्मत का साथ नहीं मिला जिससे वे टी20 विश्व कप के शुरुआती चरण से बाहर होने की कगार पर है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में पांच विकेट से हार झेलने के बाद अफगानिस्तान को पिछले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के हाथों दो सुपर ओवर के बाद दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा था। इस नतीजे के बाद टीम ग्रुप डी में चौथे स्थान पर है और बाहर होने के करीब पहुंच गई है।
राशिद ने सोमवार को यहां यूएई के खिलाफ खेले जाने वाले मैच से पहले कहा, ''मुझे नहीं लगता कि बहुत कुछ गलत हुआ। हमने अच्छा क्रिकेट खेला और थोड़े बदकिस्मत रहे। आपने पिछला मैच देखा, हम बहुत करीब थे, दूसरे सुपर ओवर तक पहुंचे। इससे पता चलता है कि हमने पूरी मेहनत की।"
उन्होंने कहा, "आपने कई मैच एकतरफा देखे होंगे। अगर एक टीम को बड़ी टीमों के खिलाफ खेलने का मौका नहीं मिलता, तो ऐसा ही होता है। अगर हम दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ ज्यादा टी20 खेलते तो हमें बेहतर अंदाजा होता कि वे हमें कहां मात दे सकते हैं और हम कहां सुधार कर सकते हैं। अगर आप साल में सिर्फ एक बार, वह भी विश्व कप में उनसे खेलते हैं तो गलती की कोई गुंजाइश नहीं रहती।"
राशिद ने कहा कि शीर्ष टीमों के खिलाफ नियमित द्विपक्षीय श्रृंखला न खेलने से विश्व कप मुकाबले अफगानिस्तान जैसी टीमों के लिए जरूरत से ज्यादा दबाव वाले हो जाते हैं।
उन्होंने कहा, "अगर आप चार दिन में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैच खेलते हैं तो आपका विश्व कप चार दिन में खत्म हो सकता है, जैसा हमारे साथ हुआ। हमने चार दिन में दो मैच गंवाए और लगभग बाहर हो गए। यह अलग तरह का दबाव है। मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह तैयार रहना पड़ता है। छोटी सी गलती और आप प्रतियोगिता से बाहर।"
इस लेग स्पिनर ने कहा, '' आप अगर उनके खिलाफ नियमित खेलेंगे, तो आपको उनकी रणनीति का अंदाजा होगा। नहीं खेलेंगे, तो वे हर बार नई योजना के साथ आएंगे। जैसे न्यूजीलैंड आक्रामक सोच के साथ आया। जितना ज्यादा हम उनके खिलाफ खेलेंगे, उतना बेहतर होंगे।''
अफगानिस्तान का सामना अब सोमवार को यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) से होगा। राशिद ने कहा कि टीम को प्रतियोगिता में बने रहने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
उन्होंने कहा, "विश्व कप मैच में आप हमेशा पूरी ताकत झोंकते हैं, क्योंकि विश्व कप जीतना बड़ी बात है।"
राशिद ने कहा, ''हमने यूएई के खिलाफ काफी खेला है, वहां द्विपक्षीय श्रृंखला भी खेली है। हमारे खिलाड़ी आईएलटी 20 में भी खेले हैं। हम हालांकि यह नहीं सोच सकते कि हम आसानी से जीत जाएंगे क्योंकि हमने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो सुपर ओवर खेले। टी20 में अगर दो बल्लेबाज या दो गेंदबाज अच्छा स्पेल डाल दें, तो मैच हाथ से निकल जाता है। वापसी का ज्यादा समय नहीं मिलता। इसलिए हमें अपनी सर्वश्रेष्ठ योजना के साथ पूरे प्रयास से मैदान में उतरना होगा।''
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर
1502 1827 दिल्ली