भारत बनाम पाकिस्तान: श्रीलंका के पर्यटन और अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण
पंत
- 15 Feb 2026, 12:18 PM
- Updated: 12:18 PM
(जी उन्नीकृष्णन)
कोलंबो, 15 फरवरी (भाषा) प्रेमदासा स्टेडियम तक 20 मिनट की ड्राइव के दौरान रेहान फर्नांडो उत्साहित हैं लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप के महत्वपूर्ण मैच को लेकर नहीं जिसने लाखों प्रशंसकों को स्टेडियम, अपने घर, पब और सोशल मीडिया पर व्यस्त रखा है।
फर्नांडो ने कहा, ''रविवार को मुझे स्टेडियम छोड़ने और लेने के लिए उबर के बहुत सारे अनुरोध मिलने वाले हैं। सुजुकी एवरी को ईंधन से भरा रखना होगा और भीड़भाड़ वाले समय के लिए तैयार रहना होगा।''
दो बच्चों के पिता 41 वर्षीय फर्नांडो को पता है कि अकेले रविवार का दिन ही उनकी जेब काफी भर सकता है।
उन्होंने कहा, ''मैंने सुना है कि सारे टिकट बिक चुके हैं। कौन जाने। शायद मुझे कुछ अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए पर्याप्त पैसे मिल जाएं।''
दरअसल फर्नांडो के शब्द श्रीलंका के आम माहौल को दर्शाते हैं। यहां के कई लोगों के लिए भारत बनाम पाकिस्तान का मैच पैसा कमाने का एक ज़रिया है।
फर्नांडो भी अकेले नहीं हैं। श्रीलंका के कई वर्गों को भारत और पाकिस्तान के मैच से आर्थिक लाभ होने की उम्मीद है। इस मैच के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक यहां पहुंचे हैं जिससे श्रीलंका के लोग भी काफी उत्साहित हैं।
कोलंबो की एक सड़क पर कई पब हैं और इनमें भारतीय और पाकिस्तानी आगंतुकों की संख्या स्थानीय लोगों से कहीं अधिक है।
शहर के एक मशहूर बार के स्टोर मैनेजर माइकल अमरासिरी ने कहा,'''हमें अपने ग्राहकों के लिए बैठने की जगह ढूंढने में मुश्किल हो रही है। आम तौर पर सप्ताहांत में अच्छी भीड़ होती है, लेकिन हमने इस तरह की भीड़ की उम्मीद नहीं की थी।''
अमरासिरी ने कहा, ''पिछले सप्ताह तक हमें यह सुनिश्चित नहीं था कि मैच होगा या नहीं। पाकिस्तान द्वारा इस मैच का बहिष्कार करने के फैसले की घोषणा के बाद हमें कमरों की बुकिंग रद्द करने के कुछ अनुरोध भी मिले थे।''
उन्होंने कहा, ''लेकिन एक बार जब मैच खेलने का फैसला हो गया तो हमें रद्द की गई बुकिंग को बनाए रखने के लिए कॉल आने लगे। भारत से विशेष रूप से मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु से अधिक प्रशंसकों ने दो रात या यहां तक कि एक रात के ठहरने के लिए हमसे संपर्क किया है।''
लेकिन ये संगठित क्षेत्रों के लोग हैं। स्थानीय उद्योग भी सप्ताहांत में खूब मुनाफा कमाने के लिए तैयार हैं।
खेत्तारमा रोड अब भारतीय और पाकिस्तानी जर्सी, टोपी, झंडे बेचने वाले स्थानीय विक्रेताओं से भरी हुई है। युवा टैटू बनाने के लिए स्याही लेकर घूम रहे हैं। यहां अस्थायी स्टॉल भी लगे हैं जो चिलचिलाती धूप में कतार में खड़े प्रशंसकों को नींबू पानी, फलों का रस और नारियल पानी दे रहे हैं।
क्रिकेटर भी इसे महसूस करते हैं। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने इसे बखूबी बयां किया है।
उन्होंने कहा, ''मैंने श्रीलंका के कम से कम चार पांच दौरे किए हैं। मैंने सबसे अच्छे लोगों को यहीं देखा है। वे बहुत अच्छे लोग हैं और उनका आतिथ्य सत्कार बहुत बढ़िया है। इसलिए हम यहां के माहौल का आनंद ले रहे हैं।''
भाषा
पंत
पंत
1502 1218 कोलंबो,