आईएएस, आईपीएस और आईएफओएस में 2,800 से अधिक पद रिक्त: सरकार
सुरेश
- 12 Feb 2026, 09:32 PM
- Updated: 09:32 PM
नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) राज्यसभा में सरकार ने बृहस्पतिवार को बताया कि तीन अखिल भारतीय सेवाओं- आईएएस, आईपीएस और भारतीय वन सेवा (आईएफओएस) में 2,800 से अधिक पद रिक्त हैं, जिनमें अकेले भारतीय प्रशासनिक सेवा में 1,300 अधिकारियों की कमी है।
उच्च सदन में कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि एक जनवरी, 2025 को संकलित सिविल सूची के अनुसार, भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में 1,300 रिक्तियां, भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में 505 और भारतीय वन सेवा (आईएफओएस) में 1,029 रिक्तियां हैं।
सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये आंकड़ों के अनुसार, आईएएस में रिक्तियों की दर लगभग 18.9 प्रतिशत है। स्वीकृत 6,877 पदों में से 1,300 पद रिक्त हैं। आईपीएस में लगभग 9.9 प्रतिशत रिक्तियां हैं, जिनमें स्वीकृत 5,099 पदों में से 505 पद खाली हैं।
आईएफओएस की स्थिति सबसे खराब है, जिसमें स्वीकृत 3,193 पदों में से 1,029 पद रिक्त हैं, यानी रिक्तियों की दर लगभग 32.2 प्रतिशत है।
कुल मिलाकर, तीनों अखिल भारतीय सेवाओं में स्वीकृत 15,169 पदों में से 2,834 पद रिक्त हैं, जो लगभग 18.7 प्रतिशत की कुल रिक्तियों को दर्शाता है।
सभी कैडरों में आईएएस अधिकारियों की कुल स्वीकृत संख्या 6,877 है, जिनमें से 5,577 अधिकारी कार्यरत हैं। आईपीएस में, स्वीकृत संख्या 5,099 के मुकाबले 4,594 अधिकारी कार्यरत हैं, जबकि भारतीय वन सेवा में, स्वीकृत 3,193 पदों के मुकाबले 2,164 अधिकारी कार्यरत हैं।
सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये कैडर-वार आंकड़ों से पता चलता है कि उत्तर प्रदेश में आईएएस पदों की स्वीकृत संख्या 652 है, जिनमें सर्वाधिक 571 अधिकारी कार्यरत हैं। मध्यप्रदेश में स्वीकृत संख्या 459 के मुकाबले 391 आईएएस अधिकारी कार्यरत हैं, जबकि महाराष्ट्र में स्वीकृत 435 पदों के मुकाबले 359 अधिकारी कार्यरत हैं।
इसी प्रकार, आईपीएस में, बिहार, कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी स्वीकृत संख्या और कार्यरत अधिकारियों के बीच कमी देखी गई है। भारतीय वन सेवा में विशेष रूप से अधिक रिक्तियां हैं, और कई राज्यों में स्वीकृत और भरे गए पदों के बीच काफी अंतर है।
मंत्री ने प्रश्न से संबंधित एक अन्य विषय का उत्तर देते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों (सिविल सेवा परीक्षा 2020 से 2024) के दौरान, कुल 245 ओबीसी, 135 एससी और 67 एसटी उम्मीदवारों को सीधी भर्ती के माध्यम से आईएएस में नियुक्त किया गया। आईपीएस में 255 ओबीसी, 141 एससी और 71 एसटी उम्मीदवारों को नियुक्त किया गया, जबकि इसी अवधि के दौरान आईएफओएस में 231 ओबीसी, 95 एससी और 48 एसटी उम्मीदवारों ने कार्यभार संभाला।
भाषा
माधव सुरेश
सुरेश
1202 2132 संसद