बांग्लादेश में संसदीय चुनाव के तहत मतदान शुरू
अमित
- 12 Feb 2026, 12:20 PM
- Updated: 12:20 PM
ढाका, 12 फरवरी (भाषा) बांग्लादेश के अहम आम चुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह मतदान शुरू हो गया।
अगस्त 2024 में देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद यह पहला आम चुनाव है।
देश भर में 300 में से 299 संसदीय सीट पर मतदान सुबह साढ़े सात बजे (स्थानीय समयानुसार) शुरू हुआ और शाम साढ़े चार बजे तक जारी रहेगा। मतदान खत्म होने के तुरंत बाद मतों की गिनती शुरू होने की संभावना है।
एक उम्मीदवार की मृत्यु होने के कारण एक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान रद्द कर दिया गया है।
बांग्लादेश में जटिल 84 सूत्री सुधार पैकेज पर जनमत संग्रह के साथ-साथ ये आम चुनाव हो रहे हैं।
निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और लगभग 10 लाख सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है, जो देश के चुनावी इतिहास में सुरक्षाकर्मियों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।
हसीना की अब भंग हो चुकी अवामी लीग की गैरमौजूदगी में मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसकी पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच है। बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने शेख हसीना की अवामी लीग को पिछले साल भंग कर दिया था और पार्टी के चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी थी।
कुल 50 राजनीतिक दलों के कुल 1,755 उम्मीदवार और 273 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बीएनपी ने सबसे अधिक 291 उम्मीदवार उतारे हैं। चुनाव में 83 महिला उम्मीदवार हैं।
यूनुस ने कहा है कि वह निर्वाचित सरकार को तत्काल सत्ता सौंप देंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और संबंधित पक्षों से मतदान के दिन संयम, सहिष्णुता और लोकतंत्र के अनुकूल व्यवहार बनाए रखने की अपील की है।
मतदान की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संबोधन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ए एम एम नासिरुद्दीन ने मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और मतदाताओं से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 45 देशों और संगठनों के प्रतिनिधि चुनावों पर नजर रख रहे हैं, जिनमें चुनाव प्रबंधन निकाय और अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं शामिल हैं।
सरकारी समाचार एजेंसी 'बीएसएस' ने निर्वाचन आयुक्त अब्दुर आर मछुद के हवाले से बताया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब नौ लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
प्रशासन ने राजधानी के प्रमुख इलाकों में बख्तरबंद वाहन (एपीसी) और त्वरित कार्यबल (आरएटी) तैनात किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ढाका के 2,131 मतदान केंद्रों में से 1,614 को संवेदनशील बताया गया है। हालांकि सेना ने ढाका शहर में दो मतदान केंद्रों को 'जोखिमपूर्ण' बताया है। पहली बार चुनाव में सुरक्षा के लिए ड्रोन और 'बॉडी-वॉर्न कैमरों' (कपड़ों पर लग सकने वाले कैमरे) का उपयोग किया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, करीब 12.7 करोड़ मतदाताओं में से 3.58 प्रतिशत मतदाता पहली बार मतदान करने वाले हैं।
पहली बार करीब आठ लाख पंजीकृत प्रवासी बांग्लादेशी आईटी आधारित डाक मतपत्र प्रणाली के माध्यम से मतदान कर सकेंगे।
बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने सभी नागरिकों से अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने और अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट देने का आह्वान किया है।
बृहस्पतिवार को एक 'फेसबुक' पोस्ट में रहमान ने कहा, ''प्रिय लोकतंत्र समर्थक भाइयों और बहनों, मैं आप सभी से शांतिपूर्ण और उत्सवपूर्ण माहौल में अपने मत देने के अधिकार का प्रयोग करने का अनुरोध करता हूं। जिसे आप उपयुक्त समझें, उसे वोट दें। अपनी पसंद के अनुसार वोट दें।''
उन्होंने कहा, ''इंशाअल्लाह, कल से आपके सांसद आपकी सेवा करने की जिम्मेदारी संभालेंगे। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि धानेर शिश (धान की बाली) का प्रत्येक विजयी उम्मीदवार अपनी जिम्मेदारियों को ठीक से निभाएं।''
अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में इस दिन को ''अत्यंत खुशी'' का दिन और एक ''नए बांग्लादेश का जन्मदिन'' बताया।
उन्होंने कहा कि देश ने ''दुःस्वप्न जैसे अतीत को पूरी तरह से त्याग दिया है'' और नागरिकों से संसदीय चुनाव एवं जनमत संग्रह दोनों में भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने ''ईद मुबारक'' कहकर अपने संबोधन का समापन किया और देशवासियों को ईद मुबारकबाद दी।
इस बीच, बांग्लादेश में रात के दौरान झड़पों की खबरें आई हैं।
'इत्तेफाक' अखबार के अनुसार, उत्तर पश्चिमी जॉयपुरहाट के कलाई इलाके में एक पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच मतपत्रों की फोटोकॉपी वितरित करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
'डेली स्टार' की खबर के अनुसार, उत्तर पूर्व सिलहट के बालागंज उप-जिले में ''मतपत्रों की हेराफेरी के आरोपों में जमात और बीएनपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई'', जहां एक स्थानीय जमात नेता और कई अन्य लोग आधी रात के आसपास एक मतदान केंद्र में घुस गए तभी बीएनपी कार्यकर्ताओं ने उन पर धावा बोला, जिसके परिणामस्वरूप हाथापाई हुई और सुरक्षा हस्तक्षेप की आवश्यकता पड़ी।
वहां मौजूद बीएनपी उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि पीठासीन अधिकारी की मदद से रात 11 बजे मतपत्रों पर मुहर लगाने का काम शुरू हुआ था।
राजधानी ढाका में पुलिस ने वोट खरीदने के आरोप में एक जमात नेता को गिरफ्तार किया, जबकि मतदान से कुछ घंटे पहले दक्षिण-पश्चिमी गोपालगंज में सात मतदान केंद्रों के पास देसी बम विस्फोट हुए।
मध्यरात्रि में 'फेसबुक' पर एक बयान में जमात के अमीर (प्रमुख) शफीकुर रहमान ने इन घटनाओं को ''अफवाह'' बताते हुए लोगों से इन्हें नजरअंदाज करने का आग्रह किया।
भाषा सुरभि अमित
अमित
1202 1220 ढाका