गौरव पर लगाए गए हिमंत के आरोप बेबुनियाद, मानसिक संतुलन खो चुके हैं मुख्यमंत्री: कांग्रेस
नरेश
- 08 Feb 2026, 09:57 PM
- Updated: 09:57 PM
गुवाहाटी, आठ फरवरी (भाषा) असम में विपक्षी दल कांग्रेस ने रविवार को कहा कि पार्टी के नेता गौरव गोगोई के पाकिस्तान से जुड़े होने संबंधी मुख्यमंत्री के दावे निराधार हैं और ऐसा प्रतीत होता है कि वह मानसिक संतुलन खो चुके हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नेताओं ने कहा कि शर्मा ने मुख्यमंत्री पद की प्रतिष्ठा धूमिल कर दी है।
उन्होंने कहा कि सबूत होने की वजह से ही पुलिस असम कांग्रेस के प्रमुख गोगोई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं कर पाई है।
इससे पहले शर्मा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया था कि गोगोई, ब्रिटिश मूल की उनकी पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न और पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख का गहरा जुड़ाव था।
उन्होंने कहा कि खुफिया ब्यूरो से मिली सूचना सीधे पड़ोसी देश पहुंचाई जा रही थी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (असम प्रभारी) जितेंद्र सिंह ने कहा, "ऐसा प्रतीत होता है कि मुख्यमंत्री मानसिक संतुलन खो चुके हैं और उनके दावों के समर्थन में कोई दस्तावेजी सबूत नहीं है। राजनीति अलग बात है, लेकिन सम्मानित परिवार पर व्यक्तिगत स्तर पर बेबुनियाद आरोप लगाना बेहद चिंताजनक है।"
उन्होंने कहा कि असम में हर कोई शर्मा के राजनीतिक उभार में पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के योगदान के बारे में जानता है।
असम पुलिस ने असम और भारत के आंतरिक मामलों में सोशल मीडिया पर टिप्पणियों को लेकर पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के खिलाफ मामले की जांच के लिए 17 फरवरी 2025 को विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया था।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया ने एसआईटी रिपोर्ट और शर्मा के संवाददाता सम्मेलन को "फ्लॉप शो" करार दिया और कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद ही अपने पद की प्रतिष्ठा धूमिल कर दी है।
पूर्व राज्यसभा सदस्य रिपुन बोरा ने भी शर्मा के संवाददाता सम्मेलन को "सुपर फ्लॉप" बताया और कहा कि एसआईटी के बारे में पूर्व में की गईं उनकी टिप्पणियां सही साबित हुईं।
उन्होंने कहा, "मैंने कहा था कि एसआईटी को ऐसे मामलों की जांच का अधिकार नहीं होता। आज, मुख्यमंत्री ने खुद स्वीकार किया कि असम सरकार की बनाई हुई एसआईटी सीमाएं होने की वजह से पाकिस्तान से कथित जुड़ाव की केवल 20 प्रतिशत जांच कर सकी। अपनी नाकामी स्वीकार करके शर्मा ने गेंद केंद्र सरकार के पाले में डाल दी।"
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने एसआईटी रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शर्मा पर असम की जनता को झूठे विमर्श के जरिए गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि जनता उन्हें उचित जवाब देगी।
असम प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मीरा बोरठाकुर ने कहा कि राज्य की जनता शर्मा के नाटकीय रवैये से ऊब चुकी है।
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के मीडिया एवं संचार विभाग के अध्यक्ष बेदब्रत बोरा ने एसआईटी पर छह महीने की देरी से हुए संवाददाता सम्मेलन को "एंटी-क्लाइमैक्स" करार देते हुए कहा कि राष्ट्रीय मीडिया के सामने मुख्यमंत्री पद की गरिमा को गंभीर रूप से ठेस पहुंची है।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश
0802 2157 गुवाहाटी