सूरजकुंड मेले में झूला टूट कर गिरा : पुलिस निरीक्षक की मौत, 11 लोग घायल
धीरज
- 07 Feb 2026, 10:43 PM
- Updated: 10:43 PM
(तस्वीरों के साथ)
फरीदाबाद (हरियाणा), सात फरवरी (भाषा) सूरजकुंड मेले में शनिवार को बिजली से चलने वाला एक बड़ा झूला टूट कर गिरने से ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस निरीक्षक की मौत हो गई और 11 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वहीं, इस घटना से लगभग एक घंटे पहले मेला स्थल पर एक अन्य घटना में एक दरवाजा गिरने से बच्चे समेत दो लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, शाम करीब छह बजे करीब 19 लोग झूले पर सवार थे, तभी झूला एक तरफ झुक कर जमीन पर गिर गया।
सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा और पर्यटन विभाग के प्रबंध निदेशक पार्थ गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे।
उपायुक्त सिन्हा ने बताया कि घायलों के इलाज के लिए तुरंत व्यवस्था की गई।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मृत अधिकारी की पहचान पलवल पुलिस के निरीक्षक जगदीश प्रसाद के रूप में की गई है, जो मेला ड्यूटी पर थे और पुलिस लाइन, पलवल में तैनात थे।
उन्होंने बताया कि प्रसाद मूल रूप से मथुरा के रहने वाले थे और मार्च में सेवानिवृत्त होने वाले थे।
पुलिस ने बताया कि झूला बहुत तेज गति से ऊपर-नीचे हो रहा था, तभी अचानक उसका एक सिरा टूट गया, जिससे वह जमीन से करीब 2-3 फुट ऊपर हवा में लटक गया।
हादसा होते ही आसपास के दुकानदार और पुलिसकर्मी पीड़ित को बचाने के लिए दौड़ पड़े। इनमें झूला परिसर के सुरक्षा प्रभारी इंस्पेक्टर प्रसाद भी शामिल थे।
अधिकारी ने कहा, "कई लोगों को झूले से उतार दिया गया था और आस-पास के लोगों ने गिरे हुए हिस्से को सहारा दिया और लोगों को बचाने में मदद की। अचानक, झूला दूसरे छोर से भी टूट गया और पूरी तरह से जमीन पर गिर गया।"
उन्होंने बताया कि कई लोग फंस गए और निरीक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अधिकारी ने कहा, उन्होंने लोगों को बचाने की कोशिश की और बहुत बहादुरी दिखाई, लेकिन इस दौरान उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं जिनसे उनकी मौत हो गई।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि जब उसने झूले को गिरते देखा, तो लोग और पुलिस अधिकारी अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना इलाके में पहुंचे और घायलों को झूले से बाहर निकाला।
उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कई लोगों की जान बचाने में मदद मिली।
सिन्हा ने कहा, "घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटनाओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।"
घायलों में सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) नीलम, महेंद्रगढ़ के सुनील, ग्रेटर नोएडा के हर्ष प्रकाश, राजस्थान के धौलपुर के प्रशांत, फरीदाबाद की अनीशा, नोएडा सेक्टर-78 की शिवानी और परविंदर शामिल हैं।
बचाव अभियान के दौरान एक स्टॉल संचालक राघव भी झूले की ग्रिल की चपेट में आ गया, जिससे उसके कंधे में चोट आई है।
झूले पर हादसे से ठीक एक घंटे पहले मेला मैदान का गेट नंबर 2 अचानक गिर गया, जिससे सेक्टर 28 निवासी सुमित मल्होत्रा और एक बच्चा घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि झूले पर हुए हादसे में घायल नौ लोगों को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जबकि दो अन्य को इलाज के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार, इंस्पेक्टर प्रसाद 1989 में राज्य पुलिस की एक विशेष और सशस्त्र रिजर्व विंग, हरियाणा सशस्त्र पुलिस में शामिल हुए थे।
बल में 36 साल पूरे करने के बाद, प्रसाद मार्च में सेवानिवृत्त होने वाले थे।
निरीक्षक प्रसाद के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है, जो छात्र हैं और अविवाहित हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को इस घटना पर दुख व्यक्त किया। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह फरीदाबाद में सूरजकुंड मेले के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से बेहद दुखी हैं।
उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले के दौरान हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। साथ ही, घायल हुए लोगों के समुचित एवं तत्काल उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।"
उन्होंने कहा, "हरियाणा सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायलों तथा उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने में जुटी है।"
हरियाणा के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि घटना की जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाषा प्रशांत धीरज
धीरज
0702 2243 फरीदाबाद