विकसित भारत के संकल्पों को सिद्ध करने वाला है केंद्रीय बजट: मुख्यमंत्री मोहन यादव
ब्रजेन्द्र रवि कांत
- 03 Feb 2026, 09:15 PM
- Updated: 09:15 PM
भोपाल, तीन फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्पों को सिद्ध करने वाला करार दिया है।
उन्होंने मंगलवार को कहा कि यह बजट देश के आर्थिक-औद्योगिक और सामाजिक विकास का ऐतिहासिक अवसर भी सिद्ध होगा।
यादव ने आम बजट को लेकर यहां आयोजित एक विशेष पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आम बजट सतत आर्थिक विकास के साथ जनअपेक्षाओं को पूरा करने वाला है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने समय-समय पर अपने निर्णयों से देश को सशक्त बनाने के साथ दुनिया को भारत की ताकत का अहसास कराया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट के माध्यम से उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के अनेक अवसर पैदा होंगे।
यादव ने कहा कि यह बजट युवा शक्ति से प्रेरित है और इसका मूल उद्देश्य तेज एवं सतत आर्थिक वृद्धि, जन आकांक्षाओं की पूर्ति, क्षमता निर्माण तथा सभी परिवारों, क्षेत्रों और सेक्टरों को समान अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि बजट में आत्मनिर्भरता को मार्गदर्शक सिद्धांत बनाकर उच्च विकास दर बनाए रखने के स्पष्ट प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने कहा, "यह बजट मध्यप्रदेश को सुदृढ़ वित्तीय आधार प्रदान करेगा। साथ ही निवेशकों का विश्वास और बढ़ेगा, जिससे मध्यप्रदेश के विकास की रफ्तार और तेज होगी तथा हमारा प्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा।"
यादव ने कहा कि बजट में वैश्विक बाजारों से जुड़ाव, निर्यात विस्तार तथा दीर्घकालिक निवेश आकर्षण की रणनीति है, जिसका बहुत फायदा आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट केवल वित्तीय प्रावधानों का संकलन नहीं है, बल्कि व्यवसाय की सुगमता आधारित आर्थिक विकास का संरचित खाका है।
उन्होंने कहा, "यह बजट मध्यप्रदेश को सतत विकासशील राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में निर्णायक भूमिका अदा करेगा। बजट के प्रावधानों से मध्यप्रदेश में निवेश, उद्योग स्थापना, रोजगार सृजन, उत्पादन क्षमता, निर्यात उन्मुख विनिर्माण का बेहतर वातावरण तैयार होगा।"
यादव ने कहा कि सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 से इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग और एआई आधारित तकनीकों के विकास से मध्यप्रदेश में हाई टेक उद्योग, डिजिटल निवेश और नवाचार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बजट के प्रावधान मध्यप्रदेश के पारंपरिक औद्योगिक क्षेत्रों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होंगे। यह ग्रामीण और स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार तथा औद्योगिक पुनर्जीवन को नयी गति प्रदान करेगा।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित व आत्मनिर्भर भारत के विजन का सशक्त दस्तावेज़ है।
उन्होंने कहा कि इसमें गरीब, युवा, नारी शक्ति, अन्नदाता के साथ मध्यम वर्ग और उद्यमियों के कल्याण व सशक्तीकरण के प्रावधान बजट में किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, "यह सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशी बजट रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की भावना को दर्शाता है, जो मध्यप्रदेश सहित देश को 2047 के विकसित भारत की ओर मजबूती से ले जाएगा।"
भाषा
ब्रजेन्द्र रवि कांत
0302 2115 भोपाल