ममता बनर्जी काल्पनिक शिकायत को लेकर प्रदर्शन के लिए आईं दिल्ली : भाजपा
राजकुमार
- 02 Feb 2026, 11:18 PM
- Updated: 11:18 PM
नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक ''काल्पनिक शिकायत'' को लेकर में दिल्ली आईं और उन्होंने एक ''नाटक'' रचा, क्योंकि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से "घुसपैठियों" के उनके वोट बैंक पर सीधा प्रहार हुआ है।
सत्तारूढ़ दल भाजपा के इस बयान के पहले ममता बनर्जी एसआईआर मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के साथ बैठक बीच में ही छोड़कर बाहर निकल गईं। बनर्जी ने कुमार पर ''अहंकारी'' होने और उनके प्रतिनिधिमंडल को "अपमानित" करने का आरोप लगाया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो को पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की आसन्न हार का आभास हो रहा है और गलत होने के बावजूद वह अनुचित व्यवहार कर रही हैं।
विरोध के प्रतीक के रूप में काले शॉल ओढ़े हुए, बनर्जी ने कुछ "एसआईआर-प्रभावित" परिवारों और पार्टी नेताओं के साथ सोमवार को यहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात की।
बनर्जी ने बाद में कहा कि उन्होंने विरोध में बैठक का "बहिष्कार" किया, जबकि निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने दावा किया कि वह अपने द्वारा उठाए गए मुद्दों पर निर्वाचन आयोग के शीर्ष अधिकारियों का जवाब सुने बिना ही गुस्से में बैठक से चली गईं।
बनर्जी चुनावी राज्य पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण को रोकने की मांग कर रही हैं।
निर्वाचन आयोग के मुख्यालय से बाहर आने के बाद मीडिया से बातचीत में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने आयोग के खिलाफ एक बार फिर तीखा हमला बोला एवं उस पर भाजपा के ''दलाल'' के रूप में काम करने का आरोप लगाया।
बनर्जी पर निशाना साधते हुए पश्चिम बंगाल के भाजपा सह-प्रभारी अमित मालवीय ने कहा, ''मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घर से महज 10 किलोमीटर दूर आनंदपुर स्थित वाओ मोमो फैक्ट्री में लगी भीषण आग में 30 से अधिक लोगों की मौत हो गई। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों से मिलने या इस त्रासदी की नैतिक जिम्मेदारी लेने का समय नहीं निकाला।''
मालवीय ने आरोप लगाया, ''लेकिन उनके पास दिल्ली जाकर एसआईआर पर मनगढ़ंत शिकायत को लेकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए दुनिया भर का समय है, क्योंकि यह उनके 'घुसपैठिया' वोट बैंक के मूल पर प्रहार करता है।''
उन्होंने 'एक्स' पर लिखा। "प्राथमिकताएं उजागर हो गई हैं। शासन व्यवस्था ठप हो चुकी है।''
बनर्जी पर निशाना साधते हुए गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की आसन्न हार को भांपते हुए वह एसआईआर को लेकर "नाटक" कर रही हैं।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया, ''एसआईआर प्रक्रिया में उन्होंने राज्य सरकार के अधिकांश कर्मचारियों को तृणमूल कार्यकर्ता बना दिया। वह नाटक करती हैं और महिला होने का फायदा उठाती हैं। ममता बनर्जी 'चोरी और सीनाजोरी कर रही हैं।"
भाषा आशीष राजकुमार
राजकुमार
0202 2318 दिल्ली