अचानक पार्श्वगायन से दूरी बनाने के फैसले से अरिजीत ने सबको चौंकाया
प्रशांत
- 28 Jan 2026, 08:55 PM
- Updated: 08:55 PM
नयी दिल्ली, 28 जनवरी (भाषा) बॉलीवुड में हालिया दौर में पार्श्व गायिकी के सबसे चमकते सितारों में से एक होने के बावजूद चमक-दमक से दूर अपनी सादगी के लिये ज्यादा सुर्खियों में रहने वाले अरिजीत सिंह ने अचानक से पार्श्वगायन से दूरी बनाने का फैसला लेकर अपने प्रशंसकों को चौंका दिया।
अरिजीत पश्चिम बंगाल में उनके गृहनगर मुर्शिदाबाद जिले के जियागंज में अक्सर स्कूटी पर घूमते नजर आ जाते हैं। बुधवार को उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों के मन से यही प्रश्न घूमता रहा कि क्या 'केसरिया' और 'विदा करो' जैसे गाने गाने वाले अरिजीत कोलाहल से दूर लगभग ग्रामीण जीवन की ओर लौट रहे हैं?
दरअसल अरिजीत ने एक दिन पहले कहा था कि वह औपचारिक रूप से पार्श्वगायन से रिटायर हो रहे हैं लेकिन संगीत से जुड़े रहेंगे।
कई लोग प्रतिस्पर्धा की दौड़ से बाहर निकलना चुनते हैं, हालांकि रुपहले पर्दे की दुनिया से जुड़े लोगों में यह दुर्लभ है कि कोई अपने चरम पर पहुंचकर 15 साल के शानदार करियर के बाद प्रसिद्धि और प्रशंसा को पीछे छोड़ अलग रास्ता चुने।
गायिका सोना महापात्रा ने कहा, ''फिल्मों में गाने से दूरी बनाना ऐसा नहीं है कि जैसे वह कहीं जा रहे हों, बल्कि यह स्वतंत्रता, स्वामित्व और संभावनाओं की ओर जाने जैसा है।''
उन्होंने कहा '' मुझे यकीन है कि इसके कारण बेहद व्यक्तिगत और पूरी तरह से सही हैं। महत्वपूर्ण बात है कि यह उनका फैसला है। उनके पूर्ववर्तियों में से किसी ने भी इस मार्ग की कल्पना नहीं की थी: जगह बनाने के लिए पीछे हटना। सबसे पहले अपने लिए, कुछ खोजने के लिए, रचनात्मक होने के लिए, और अपनी शर्तों पर अपने गाने गाने के लिए।''
बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय और सफल गायकों में से एक अरिजीत सिंह ने अब पार्श्वगायन न करने की मंगलवार को घोषणा की और अब तक के अपने इस सफर को शानदार बताया।
उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, ''नमस्ते, आप सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं। इतने वर्षों तक श्रोताओं के रूप में मुझे इतना प्यार देने के लिए मैं आप सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मैं अब पार्श्वगायक के रूप में विदा ले रहा हूं। मैं इसे अलविदा कह रहा हूं। यह एक शानदार सफर रहा।''
हालांकि सिंह ने इंटरव्यू के लिए किए गए फोन कॉल या संदेशों का कोई जवाब नहीं दिया, कुछ मीडिया संस्थानों ने उनके निजी 'एक्स' अकाउंट 'वेएमल' से बताए गए कमेंट्स साझा किए।
हालांकि, 38-वर्षीय कलाकार ने स्पष्ट किया कि वह स्वतंत्र रूप से संगीत बनाना जारी रखेंगे और फिलहाल, अपनी मौजूदा प्रतिबद्धताओं को पूरा करेंगे।
उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, ''इसके पीछे सिर्फ एक कारण नहीं है, कई कारण हैं और मैं यह करने की कोशिश लंबे समय से कर रहा था। अंततः मैंने हिम्मत जुटा ली। एक कारण बेहद साधारण है कि, मुझे जल्दी बोरियत हो जाती है, इसलिए मैं गानों की वही धुनें बार-बार बदलकर मंच पर प्रस्तुत करता रहता हूं। तो बात यही है, मैं बोर हो गया हूं।''
उन्होंने लिखा, ''एक और कारण यह है कि मैं उत्साहित हूं यह सुनने के लिए कि कोई नया गायक आए और मुझे प्रेरणा दे।''
'एक्स' पर यह अकाउंट 'ब्लू टिक' के साथ सत्यापित है और इसमें अरिजीत और उनके परिवार की तस्वीरें हैं, लेकिन स्वतंत्र रूप से यह पुष्टि नहीं की जा सकी कि इसे वह ही इसे चलाते हैं।
अभिनेत्री नीना गुप्ता, गायिका श्रेया घोषाल और अरमान मलिक ने अरिजीत सिंह के पार्श्वगायन से दूरी बनाने के फैसले की बुधवार को सराहना की और इसे बेहद साहसिक व्यक्तिगत निर्णय करार दिया, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हिंदी सिनेमा को पिछले एक दशक की सबसे प्रभावशाली आवाज़ों में से एक की कमी महसूस होगी।
गुप्ता ने कहा कि शुरुआत में वह इस घोषणा से हैरान रह गई थीं, लेकिन जल्द ही उन्हें गायक का नए संगीत रास्तों की तलाश करने का साहसी फैसला सराहनीय लगा।
उन्होंने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''शुरुआत में मुझे बहुत हैरानी हुई, लेकिन फिर मैंने सोचा कि यह उनका बेहद साहसिक निर्णय है। कई बार हम एक ही ढर्रे में बंध कर रह जाते हैं… उन्होंने कहा कि वह संगीत के बारे में और सीखना चाहते हैं, जो कि बहुत अच्छी बात है। मैं उनसे बहुत प्रभावित हूं।''
उन्होंने कहा, ''हम उन्हें और उनके गानों को ज़रूर 'मिस' करेंगे, लेकिन शायद वह कुछ नया लेकर आएंगे, इसलिए उन्हें सलाम।''
घोषाल ने इंस्टाग्राम पर सिंह की पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके अनुसार यह गायक के जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है।
घोषाल ने लिखा, '' मैं वास्तव में उत्साहित हूं सुनने, महसूस करने और अनुभव करने के लिए कि यह प्रतिभाशाली कलाकार अब क्या नया प्रस्तुत करता है!! मैं इसे कभी 'एक युग के अंत' के तौर पर नहीं कह सकती। उनके स्तर के कलाकार को पारंपरिक माध्यमों या तरीकों में बांधकर नहीं परिभाषित किया जा सकता। अब समय है ऊंचाई पर उड़ान भरने का, मेरे प्रिय अरिजीत।''
अरमान मलिक ने अपने पोस्ट में लिखा, ''हमेशा प्यार और सम्मान। इस कला को अपना सब कुछ देने के लिए धन्यवाद!''
वरिष्ठ गायक उदित नारायण ने कहा कि सिंह अपेक्षाकृत कम समय में सबसे ऊंचाईं पर पहुंचे और सब कुछ हासिल किया।''
भाषा शोभना प्रशांत
प्रशांत
2801 2055 दिल्ली