घुसपैठ और एसआईआर मुद्दे को लेकर तृणमूल पर बरसे नितिन नवीन
नरेश
- 28 Jan 2026, 04:25 PM
- Updated: 04:25 PM
कोलकाता, 28 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर घुसपैठ को संरक्षण देकर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने और पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाताओं को परेशान करने का आरोप लगाया।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में सत्ता परिवर्तन का अनुरोध भी किया।
पार्टी अध्यक्ष पद संभालने के बाद पश्चिम बंगाल के अपने पहले दौरे के दौरान दुर्गापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नवीन ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस जानबूझकर राज्य की जनसांख्यिकी बदलने और "बंगाल को बांग्लादेश बनाने" का प्रयास कर रही है, जिसे उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया।
उन्होंने कहा, "एक ओर निर्वाचन आयोग घुसपैठियों और फर्जी मतदाताओं को हटाने के लिए दृढ़ संकल्पित है, दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस सरकार भय का माहौल बनाकर और गलत सूचना फैलाकर एसआईआर प्रक्रिया को पटरी से उतारने की कोशिश कर रही है।"
नवीन ने टीएमसी के इस आरोप को खारिज कर दिया कि आयोग आम लोगों को परेशान कर रहा है।
उन्होंने कहा, "लोगों को परेशान निर्वाचन आयोग नहीं, बल्कि तृणमूल सरकार के एसडीओ और बीडीओ कर रहे हैं जो भय पैदा करने व निर्वाचन आयोग को बदनाम करने के लिए ऐसा कर रहे हैं।"
उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि वे "अस्थायी सरकार" के इशारे पर काम न करें।
जनसांख्यिकीय बदलाव के मुद्दे को ऐतिहासिक व वैचारिक संदर्भ में पेश करते हुए नवीन ने जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि पूर्वी पाकिस्तान में विलय के प्रयासों का मुखर्जी द्वारा विरोध किए जाने के कारण ही बंगाल आज अपने वर्तमान स्वरूप में मौजूद है।
नवीन ने दावा किया कि "आज भी इसी तरह की ताकतें सक्रिय हैं।"
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "जो लोग बंगाल की मिट्टी की संतान नहीं हैं, वे यहां अधिकार का दावा नहीं कर सकते। भाजपा कार्यकर्ता किसी भी तरह का बलिदान देने को तैयार हैं, लेकिन हम बंगाल को बांग्लादेश में मिलाने नहीं देंगे।"
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से "घुसपैठ" के खिलाफ आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।
भाजपा नेता ने एसआईआर प्रक्रिया को आगामी विधानसभा चुनावों की व्यापक राजनीतिक लड़ाई से भी जोड़ा और दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी "दिल्ली में रोना रो रही हैं।"
नवीन ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर "जंगलराज" कायम होने का आरोप लगाते हुए कहा कि शासन की जगह भ्रष्टाचार और अराजकता ने ले ली है और पार्टी नेता खुलेआम "टीएमसी टैक्स" वसूल रहे हैं।
उन्होंने कहा, "कारखाने बंद कर दिए गए हैं और भ्रष्टाचार की कंपनियां खोल दी गई हैं।"
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भर्ती घोटालों से जुड़े कई मंत्री या तो जेल में हैं या जमानत पर बाहर हैं।
उन्होंने कहा कि मामलों का सामना कर रहे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
नवीन ने कहा कि पश्चिम बर्दवान जिले का दुर्गापुर कभी एक औद्योगिक केंद्र था, जहां बिहार और झारखंड से कामगार व छात्र आते थे, लेकिन तृणमूल कांग्रेस शासन में औद्योगिक विकास ठप हो गया है।
उन्होंने कहा, "सिंगूर आंदोलन के दौरान ममता बनर्जी ने औद्योगीकरण का वादा किया था। पंद्रह साल बाद हालात यह हैं कि पुरानी औद्योगिकी इकाइयां भी बंद हो रही हैं और युवाओं को राज्य से बाहर पलायन करना पड़ रहा है।"
महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए नवीन ने क्षेत्र में दुर्गापुर में दुष्कर्म की एक घटना का जिक्र किया और प्रशासन पर संवेदनहीनता तथा आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
धार्मिक मुद्दों पर भाजपा नेता ने 'सनातन' परंपराओं के साथ भेदभाव का आरोप लगाया और दावा किया कि "अजान पर कोई पाबंदी नहीं है जबकि दुर्गा पूजा में अड़चनें डाली जाती हैं।"
उन्होंने कहा, "कोई भी सनातनी इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।"
आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए नवीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में "डबल इंजन की सरकार" एक "विकसित और स्वर्णिम बंगाल" बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, "ममता बनर्जी की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।"
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर देगी।
भाषा
जोहेब नरेश
नरेश
2801 1625 दुर्गापुर