भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौता 'ऐतिहासिक उपलब्धि' : भाजपा
अविनाश
- 27 Jan 2026, 10:32 PM
- Updated: 10:32 PM
नयी दिल्ली, 27 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को "ऐतिहासिक उपलब्धि" बताया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'भारत प्रथम' के सिद्धांत से प्रेरित यह समझौता देश के 'आत्मनिर्भर भारत' के मिशन को और मजबूत करेगा।
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के दृष्टिकोण के अनुरूप, यह समझौता विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय निर्यात के 99 प्रतिशत हिस्से के लिए "अभूतपूर्व पहुंच" प्राप्त कर समृद्धि के एक नए युग का सूत्रपात करता है, जिसमें कपड़ा, जूते, समुद्री उत्पाद, हस्तशिल्प, रत्न और आभूषण से लेकर इंजीनियरिंग सामान तक शामिल हैं।
भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने मंगलवार को ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर किए, जिसे "सबसे बड़ा समझौता" बताया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और यूरोपीय संघ के शीर्ष नेतृत्व ने व्यापार और रक्षा सहयोग के साथ आपसी संबंधों को मज़बूत करने तथा नियम-आधारित विश्व व्यवस्था की दिशा में काम करने के लिए एक व्यापक एजेंडा पेश किया।
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शिखर वार्ता के लिये यूरोपीय संघ के नेताओं उर्सुला फॉन डेर लायन और एंटोनियो कोस्टा की मेजबानी के बाद, दोनों पक्षों ने दो महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए जिनमें से एक सुरक्षा और रक्षा सहयोग से जबकि दूसरा यूरोप में भारतीय प्रतिभाओं की आवाजाही से संबंधित है।
इस घटनाक्रम को "ऐतिहासिक उपलब्धि" बताते हुए शाह ने 'एक्स' पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, "भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौता एक निर्णायक क्षण है, जो भारत की वैश्विक व्यापार भागीदारी में एक रणनीतिक सफलता सुनिश्चित करता है।"
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी कूटनीति को वैश्विक मंच पर उभारते हुए, यह समझौता 'आत्मनिर्भर भारत' के देश के मिशन को मजबूती देता है, और दोनों पक्षों के लिये लाभकारी, भरोसेमंद और संतुलित साझेदारी सुनिश्चित करता है।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर भारत की वैश्विक आर्थिक यात्रा में एक "परिवर्तनकारी अध्याय" की शुरुआत है।
उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के निर्णायक और दूरदर्शी नेतृत्व में हुए इस ऐतिहासिक समझौते ने दो प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं को एकजुट किया है, साथ ही समावेशी विकास, आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन की भारत की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाया है।"
सिंह ने कहा कि यह समझौता रक्षा और सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए "अभूतपूर्व अवसर" खोलता है और वैश्विक मूल्य शृंखलाओं के साथ एकीकरण को मजबूत करता है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि यह भारत के बढ़ते आत्मविश्वास, रणनीतिक विश्वसनीयता और विश्व मंच पर एक भरोसेमंद, लचीले और दूरदर्शी भागीदार के रूप में उभरने को दर्शाता है।
'एक्स' पर एक पोस्ट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता वास्तव में एक मील का पत्थर है। यह पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौता हमारे लोगों के लिए अधिक अवसर पैदा करेगा।"
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह समझौता सभी क्षेत्रों में अवसरों के द्वार खोलेगा, जिससे व्यवसायों और लोगों को लाभ होगा और दोनों पक्षों में विकास तथा समृद्धि में योगदान मिलेगा।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने यूरोपीय संघ के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "दूरदर्शी नेतृत्व" को दिया और इसे देश के विनिर्माण आधार को मजबूत करने और इसकी वैश्विक आर्थिक स्थिति को बढ़ाने की दिशा में एक "निर्णायक कदम" बताया।
उन्होंने कहा कि यह "ऐतिहासिक समझौता" भारत-यूरोपीय संघ साझेदारी की गहराई को दर्शाता है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इससे निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा और सभी क्षेत्रों में "अभूतपूर्व अवसर" पैदा होंगे, जिससे देश की 'विकसित भारत' की यात्रा को मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौता देश के इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र के लिए व्यापक अवसर खोलता है। यह निवेश-आधारित विकास को गति देगा, सेमीकंडक्टर, लैपटॉप और औद्योगिक उपकरणों के विनिर्माण को मजबूत करेगा और डिजाइन, अनुसंधान एवं विकास तथा कौशल विकास को बढ़ावा देगा।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने भी भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए समझौते का स्वागत किया।
भाषा
प्रशांत अविनाश
अविनाश
2701 2232 दिल्ली