नीट अभ्यर्थी मौत मामला : पिता ने न्याय न मिलने पर आत्मदाह की दी धमकी
शोभना
- 27 Jan 2026, 11:12 PM
- Updated: 11:12 PM
जहानाबाद/पटना, 27 जनवरी (भाषा) बिहार की राजधानी पटना के एक अस्पताल में कई दिनों तक कोमा में रहने के बाद दम तोड़ने वाली नीट अभ्यर्थी के पिता ने पुलिस जांच से असंतोष जताते हुए मामले की न्यायिक जांच की मांग की और कहा है कि यदि परिवार को न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह करेंगे।
मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने छात्रा (18) के कुछ परिजनों समेत कई लोगों के डीएनए नमूने एकत्र कर उन्हें मिलान के लिए फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेजा है।
जहानाबाद की रहने वाली छात्रा राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रही थी और इस महीने की शुरुआत में पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित छात्रावास के अपने कमरे में बेहोशी की हालत में मिली थी। कई दिनों तक कोमा में रहने के बाद उसकी 11 जनवरी को एक निजी अस्पताल में मौत हो गई थी। मृतका के परिवार ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा था कि अधिकारी मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं।
जहानाबाद में पत्रकारों से बातचीत में छात्रा के पिता ने कहा, '' हमें बिहार पुलिस पर भरोसा नहीं है। हम एसआईटी की जांच से संतुष्ट नहीं हैं। इसके अधिकारी हमें परेशान कर रहे हैं। मैं इस घटना की न्यायिक जांच चाहता हूं और टीम की अध्यक्षता उच्चतम न्यायालय या उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश को करनी चाहिए।''
उन्होंने कहा, '' हम अपने परिवार और अपनी बेटी के लिए न्याय चाहते हैं। अगर मुझे न्याय नहीं मिला तो मैं आत्मदाह कर सकता हूं।''
उन्होंने इस मामले में छात्रावास और अस्पताल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया, '' स्थानीय पुलिस अधिकारी भी जांच को भटकाने में शामिल हैं।''
दो पुलिस अधिकारियों के निलंबन के सवाल पर पिता ने कहा कि इससे यह संकेत मिलता है कि वे अधिकारी जांच को सही दिशा में नहीं ले जा रहे थे।
पटना पुलिस ने पिछले सप्ताह कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया था। ये दोनों अधिकारी एसआईटी का हिस्सा नहीं हैं।
पुलिस ने हाल ही में दावा किया था कि छात्रा के कपड़ों की फॉरेंसिक रिपोर्ट में वीर्य के अंश पाए गए हैं।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर कहा, ''वीर्य का डीएनए प्रोफाइल तैयार किया जा रहा है और इसे गिरफ्तार व्यक्ति और अन्य संदिग्धों के डीएनए प्रोफाइल से मिलाया जाएगा। यही कारण है कि जांच के तहत कई लोगों के डीएनए नमूने एकत्र किए जा रहे हैं।''
इस मामले में छात्रावास के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है।
इस बीच, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार शाम जहानाबाद में छात्रा के परिजनों से मुलाकात की।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, '' मैंने उन्हें भरोसा दिलाया कि न्याय मिलेगा। एसआईटी के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और वे जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेंगे। मैंने इस सिलसिले में गृह मंत्री और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से बात की है, मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार जांच की जा रही है।''
परिवार के इस आरोप पर कि पुलिस उन्हें परेशान कर रही है, सिन्हा ने कहा, '' मैं कहना चाहता हूं कि एसआईटी बहुत पेशेवर तरीके से जांच कर रही है और जल्द ही मामले को सुलझा लेगी।''
उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ एक बेटी से जुड़ा नहीं है, बल्कि बिहार की गरिमा से भी जुड़ा है।
परिवार द्वारा की गई न्यायिक जांच की मांग पर सिन्हा ने कहा, ''एसआईटी जल्द ही मामले को सुलझा लेगी। कुछ स्वार्थी तत्व जांच को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।''
भाषा कैलाश शोभना
शोभना
2701 2312 जहानाबाद