उप्र की राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण किया, परेड की सलामी ली
अविनाश
- 26 Jan 2026, 01:34 PM
- Updated: 01:34 PM
लखनऊ, 26 जनवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सोमवार को देश के 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर यहां ध्वजारोहण किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। राज्यपाल ने जब ध्वजारोहण किया तब हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए।
विधानभवन के सामने आयोजित समारोह में राज्यपाल ने परेड की सलामी ली। परेड की कमान मेजर ओंकार निशांत ने संभाली।
परेड के बाद सूबेदार अमरीक सिंह के नेतृत्व में एक सैन्य झांकी निकली जिसका तालियों से स्वागत किया गया।
भव्य परेड विधानसभा मार्ग से गुजरी जिसमें अर्द्धसैनिक बलों का प्रदर्शन और अनेक झांकियां देखने को मिली। पुलिस बल व विभिन्न विभागों के अलावा छात्र-छात्राओं ने भी झांकियां निकालीं।
भारतीय सेना के प्रयोग में आने वाले उपकरणों को लेकर सेना के जवान मंच के सामने से गुजरे तो माहौल पूरी तरह देशभक्ति से ओतप्रोत था। राजपूत रेजीमेंट, सिख और जाट रेजीमेंट के जवान ''वंदे मातरम'' की धुन बजा रहे थे। इन दृश्यों ने अतिथियों को भाव-विभोर कर दिया।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के कमांडो दस्ता और प्रदेश पुलिस, वन विभाग, पीएसी वाहिनियों, प्रांतीय रक्षक दल, एनसीसी की टुकड़ियों का राज्यपाल ने अभिवादन स्वीकार किया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति हुई।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से मुलाकात की और उन्हें चॉकलेट दी और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाई।
इससे पहले, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर "जन भवन" में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने जन भवन में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा बच्चों को मिष्ठान वितरित किया।
जन भवन से जारी एक बयान के मुताबिक इस अवसर पर राज्यपाल द्वारा गृह मंत्रालय (भारत सरकार) का अति उत्कृष्ट सेवा पदक मुख्य आरक्षी अजमत अली, मुख्य आरक्षी जनार्दन मिश्रा, मुख्य आरक्षी (चालक) तीर्थराज पाल तथा उत्कृष्ट सेवा पदक मुख्य आरक्षी मोहम्मद नदीम को प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (उत्तर प्रदेश) का सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न मुख्य आरक्षी (कमांडो) विजय पाल यादव एवं निरीक्षक बृजेश भारद्वाज को पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न (स्वर्ण) प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने सभी कर्मियों को उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्यपाल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
भाषा आनन्द मनीषा अविनाश
अविनाश
2601 1334 लखनऊ