अल्काराज और सबालेंका ऑस्ट्रेलियाई ओपन के क्वार्टर फाइनल में
पंत
- 25 Jan 2026, 12:25 PM
- Updated: 12:25 PM
मेलबर्न, 25 जनवरी (एपी) दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज और एरिना सबालेंका ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए रविवार को यहां सीधे सेटों में जीत दर्ज करके ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
ऑस्ट्रेलियाई ओपन जीतकर करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने की कोशिश में लगे अल्काराज ने टॉमी पॉल पर 7-6 (6), 6-4, 7-5 से जीत दर्ज की जबकि महिला वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त सबालेंका ने कनाडा की नंबर 17 विक्टोरिया एमबोको को 6-1, 7-6 (1) से हराया।
अल्काराज ने अपने खेल में कुछ बदलाव किये जो इस मैच में कारगर साबित हुए। उन्होंने कोई डबल-फॉल्ट नहीं किया, अपनी पहली सर्विस को 70 प्रतिशत सही जगह पर पहुंचाया और उनमें से 79 प्रतिशत अंक जीते। उन्होंने अपनी दूसरी सर्विस पर भी 68 प्रतिशत अंक जीते।
अल्काराज ने मैच के बाद कहा, ''यह कड़ा मैच था और सीधे सेटों में जीत हासिल करके मैं बहुत खुश हूं। सच कहूं तो मेलबर्न पार्क में खेले गए अपने पहले चार मैचों में मैंने जो सर्विस की है, उससे मैं खुद काफी प्रभावित हूं।''
अल्काराज अपने टेनिस करियर में अभी तक ऑस्ट्रेलियाई ओपन में ट्रॉफी नहीं जीती है। इस टूर्नामेंट में वह कभी क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ पाए हैं। अंतिम आठ में उनका मुकाबला स्थानीय पसंदीदा खिलाड़ी एलेक्स डी मिनौर या नंबर 10 एलेक्जेंडर बुब्लिक से होगा।
इससे पहले वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में पिछले चार वर्षों में तीसरा खिताब जीतने की कवायद में लगी सबालेंका ने अपनी दमदार सर्विस का शानदार नमूना पेश करते हुए कनाडा की 19 वर्षीय खिलाड़ी को केवल 31 मिनट में हरा दिया।
सबालेंका दूसरे सेट में उतनी हावी नहीं रहीं और उन्होंने कुछ बेजा गलतियां की। इस सेट में एमबोको ने अच्छा खेल दिखाया।
दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी 27 वर्षीय सबालेंका ने युवा एमबोको के बारे में कहा, ''वह इतनी कम उम्र में एक अद्भुत खिलाड़ी है। टूर पर इन युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ते देखना अविश्वसनीय है। उसने मेरे सामने कड़ी चुनौती पेश की। मुझे खुशी है कि मैं मैच जीतने में सफल रही।''
सबालेंका ने दूसरे सेट में 4-1 की बढ़त बनाई, लेकिन 5-4 की बढ़त के बावजूद तीन मैच प्वाइंट गंवा दिए। एमबोको ने धीरे-धीरे लय वापस हासिल कर ली और मैच को टाईब्रेकर तक ले गईं, लेकिन सबालेंका ने अंत में दबदबा कायम कर लिया। सबालेंका की टाईब्रेक में यह लगातार 20वीं जीत थी।
सबालेंका ने 2023 और 2024 में यह ग्रैंड स्लैम जीता था और पिछले साल मैडिसन कीज़ के खिलाफ उपविजेता रही थीं। बेलारूस की इस खिलाड़ी ने अमेरिकी ओपन में भी दो खिताब भी जीते हैं।
एपी
पंत
पंत
2501 1225 मेलबर्न