गुरुग्राम : गुर्दा दान करने पर तीन करोड़ रुपये का प्रलोभन देने की आरोपी महिला पर मुकदमा
नरेश
- 22 Jan 2026, 07:18 PM
- Updated: 07:18 PM
गुरुग्राम, 22 जनवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में चर्चित 'मेदांता-द मेडिसिटी हॉस्पिटल' के नाम पर गुर्दा दान करने के बदले तीन करोड़ रुपये का प्रलोभन देकर साइबर ठगी करने के मामले में एक महिला और उसके सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी महिला की कार्यप्रणाली को लेकर बताया कि प्रिया संतोष खुद को मेदांता अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक बताती है और सोशल मीडिया मंच, फर्जी वेबसाइटों और व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से संभावित पीड़ितों से संपर्क करती है तथा उन्हें गुर्दा दान करने के एवज में तीन करोड़ रुपये का प्रलोभन देती है।
पुलिस ने बताया कि मेदांता अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय दुरानी की तहरीर पर सदर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
तहरीर के मुताबिक, प्रिया मेदांता से संबद्ध चिकित्सक होने का स्वांग रच लोगों को धोखा दे रही थी।
डॉ. दुरानी ने अपनी तहरीर में कहा, ''इस गिरोह ने मेदांता अस्पताल के लोगो और नाम का इस्तेमाल करते हुए बिना अनुमति के एक फर्जी वेबसाइट भी बनाई है। वेबसाइट पर विज्ञापन दिया गया है कि मेदांता अस्पताल को तत्काल गुर्दे की जरूरत है और दान करने वाले को तीन करोड़ रुपये देने का वादा किया गया है। संभावित दानदाताओं का विश्वास जीतने के लिए, प्रिया संतोष खुद को मेदांता के चिकित्सक के रूप में पेश करती है और उसने फर्जी वेबसाइट पर एक फर्जी स्टाफ आईडी भी साझा की है।''
उन्होंने बताया कि यह गोरखधंध तब सामने आया जब प्रतीक्षा पुजारी नाम की एक महिला कथित तौर पर प्रिया द्वारा की गई धोखाधड़ी का शिकार हुई।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में पुजारी को प्रिया ने पंजीकरण शुल्क के रूप में 8,000 रुपये जमा कराने को कहा। बाद में जालसाजों ने उसे तीन करोड़ रुपये दिलाने का भरोसा दिया लेकिन इसके लिए पहले 10 हजार रुपये और जमा कराने को कहा।
उसने बताया कि पुजारी ने संदेह होने पर अस्पताल प्रशासन से संपर्क किया, तब इस घोटाले का पर्दाफाश हुआ। पुलिस के अनुसार, अस्पताल के अधिकारियों ने पुष्टि की कि प्रिया संतोष नाम की कोई डॉक्टर नहीं है और फर्जी वेबसाइट पर सूचीबद्ध पहचान संख्या (1484628डब्ल्यू) भी फर्जी थी।
भाषा धीरज नरेश
नरेश
2201 1918 गुरुग्राम