सोशल मीडिया पर मशहूर होने की चाहत में घर से भागा लड़का; दिल्ली पुलिस ने ढूंढ निकाला
नरेश
- 22 Jan 2026, 05:51 PM
- Updated: 05:51 PM
नयी दिल्ली, 22 जनवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस की 'ऑपरेशन मिलाप' टीम ने बेंगलुरु रेलवे स्टेशन से एक 14 वर्षीय किशोर का पता लगाया जो इस महीने की शुरुआत में घर से कथित तौर पर भाग गया था। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
किशोर बुराड़ी इलाके से 11 जनवरी को लापता हो गया था।
पुलिस के अनुसार, वह 'सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर' बनने की इच्छा रखता था और उसके माता-पिता ने उसके मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग, ऑनलाइन गेमिंग और कंटेंट क्रिएटर बनने के प्रयासों पर रोक लगा रखा था।
उत्तर दिल्ली के उप पुलिस आयुक्त राजा बांठिया ने कहा, "बेटे के घर से भाग जाने के बाद पिता ने स्थानीय थाने में संपर्क किया और आशंका जताई कि उनका बेटा अपहरण का शिकार हुआ है। किशोर की उम्र और संभावित जोखिम को देखते हुए टीम बनाई गई और उसकी तलाश शुरू की गई।"
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि किशोर नियमित रूप से इंटरनेट पर 'रील्स' अपलोड करता था। उसकी मां द्वारा मोबाइल फोन छीन लेने पर किशोर ने चुपके से पिता का फोन लेकर घर छोड़ दिया। तकनीकी निगरानी में फोन अक्सर बंद रहने के कारण चुनौती आई लेकिन बाद में उसका पता लगाया गया और यूपीआई लेनदेन से पता चला कि किशोर महाराष्ट्र होते हुए ट्रेन से दक्षिण की ओर यात्रा कर रहा था।
बांठिया ने बताया कि 14 जनवरी देर रात 'फोन की लोकेशन' कर्नाटक के हुबली में मिली, जिससे पुष्टि हुई कि किशोर लंबी दूरी की ट्रेन में था, जिसके बाद पुलिस ने रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के साथ समन्वय स्थापित किया।
लापता लड़के संबंधी ब्यौरा भी रेलवे पुलिस के साथ साझा किया गया। 15 जनवरी की सुबह, जीआरपी और आरपीएफ कर्मियों ने किशोर को बेंगलुरु रेलवे स्टेशन पर पाया। उधर, पिता के साथ टीम तुरंत बेंगलुरू रवाना हुई और 19 जनवरी को किशोर को घर वापस लाया गया।
किशोर ने पूछताछ में बताया कि उसने नयी दिल्ली से ट्रेन पकड़ी थी और तमिलनाडु सहित दक्षिण की ओर यात्रा करने का इरादा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह यात्रा के दौरान डिजिटल भुगतान और वीडियो अपलोड के लिए फोन को बीच-बीच में चालू करता रहा। इससे पुलिस को उसका पता लगाने में मदद मिली।
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद किशोर को माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मामले में अपहरण या किसी आपराधिक संलिप्तता के कोई सबूत नहीं पाए।
भाषा
राखी नरेश
नरेश
2201 1751 दिल्ली