निर्वाचन आयोग ने टीवीके को चुनाव चिह्न 'सीटी' आवंटित किया
संतोष
- 22 Jan 2026, 09:08 PM
- Updated: 09:08 PM
चेन्नई, 22 जनवरी (भाषा) निर्वाचन आयोग ने अभिनेता से राजनीतिक नेता बने विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कषगम' (टीवीके) को 'सीटी' चुनाव चिह्न आवंटित किया है। एक वरिष्ठ नेता ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
टीवीके के संस्थापक विजय ने कहा कि चुनाव चिह्न के आवंटन के साथ ही उनकी पार्टी की सफल यात्रा का पहला अध्याय शुरू हो गया है।
ज्ञात हो कि अभिनेता विजय की वर्ष 2024 की फिल्म 'गोट' का मशहूर गीत 'व्हिसल पोदु' (सीटी बजाओ) भी इस प्रतीक से मेल खाता है।
उन्होंने 'बिगिल' नामक फिल्म में भी अभिनय किया था, जिसका अर्थ भी 'सीटी' होता है।
विजय ने सोशल मीडिया पर "अत्यंत प्रसन्नता" व्यक्त करते हुए बताया कि भारत के निर्वाचन आयोग ने उन्हें उनकी पसंद का चुनाव चिह्न आवंटित किया है।
उन्होंने कहा, ''हमने जिन प्रतीकों के लिए निर्वाचन आयोग में आवेदन किया था, उनमें सीटी का प्रतीक भी शामिल था। निर्वाचन आयोग द्वारा हमें वही प्रतीक आवंटित किए जाने से हमें अत्यंत प्रसन्नता हुई है। हम निर्वाचन आयोग के आभारी हैं।''
विजय ने कहा, ''सीटी की ध्वनि मनुष्य की हर्षोल्लास भरी पुकार का प्रतीक है, एक ऐसी बुलंद ध्वनि जो बिना रुके अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए लोग उद्देश्य को प्राप्त करने के बाद निकालते हैं। विशेष रूप से, सीटी जनता के रक्षकों (पुलिस) के हाथों में रहती है। इस प्रकार, सीटी को सुरक्षा का प्रतीक कहा जा सकता है।''
सीटी अच्छे लोगों का प्रतीक है, एक ऐसा प्रतीक जो देश की रक्षा करने और "भ्रष्टाचार उन्मूलन" करने वालों के साथ रहता है।
टीवीके प्रमुख ने कहा, "तमिलनाडु की जनता का एकमात्र प्रतीक सीटी है। यह विजय का प्रतीक है।"
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की भारी जीत का विश्वास व्यक्त किया।
टीवीके नेता सीटीआर निर्मल कुमार ने बताया कि प्रस्तावित दस प्रतीकों में से 'सीटी' विजय की प्राथमिकता वाला प्रतीक था।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, "तमिलनाडु के लोगों की अपेक्षा है कि हमारा नेता मुख्यमंत्री बने। इस दिशा में पहले कदम के रूप में यह प्रतीक दिया गया है।"
कुमार ने कहा कि पार्टी के गठन के दो साल होने के बाद, वर्ष 2026 का विधानसभा चुनाव 50 वर्षीय विजय की अध्यक्षता वाले टीवीके के लिए पहला चुनावी रण होगा।
उन्होंने पार्टी की भारी जीत और विजय के मुख्यमंत्री बनने के प्रति भरोसा व्यक्त किया।
इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रवीण चक्रवर्ती ने कहा कि राज्य में 2026 के विधानसभा चुनाव के लिए 'सीटी' बज चुकी है। चक्रवर्ती की विजय के साथ कथित बैठक ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी थी।
उन्होंने कहा, ''तमिलनाडु में वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव की 'सीटी' बज चुकी है! अब सभी दल तैयार हैं।''
भाषा राखी संतोष
संतोष
2201 2108 चेन्नई