राहुल कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में हरियाणा, उत्तराखंड के जिला प्रमुखों को करेंगे संबोधित
नरेश
- 21 Jan 2026, 07:54 PM
- Updated: 07:54 PM
कुरुक्षेत्र (हरियाणा), 21 जनवरी (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुधवार को कुरुक्षेत्र पहुंचे जहां वह पार्टी की हरियाणा और उत्तराखंड की जिला इकाइयों के अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस के 'संगठन सृजन अभियान' के तहत जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) प्रमुखों के लिए प्रशिक्षण शिविर 13 से 22 जनवरी तक यहां आयोजित किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, लोकसभा में विपक्ष के नेता ने बंद कमरे में आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में भाग लेने से पहले हरियाणा और उत्तराखंड के डीसीसी अध्यक्षों के परिवारों से बातचीत की।
सूत्रों ने बताया कि आयोजन स्थल 'पंजाबी धर्मशाला' के अंदर एक हॉल में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में केवल पार्टी के जिला इकाई प्रमुखों को ही भाग लेने की अनुमति दी गई है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कुरुक्षेत्र को दोनों राज्यों के नेताओं के लिए सुविधाजनक केंद्रीय स्थान के रूप में चुना गया है।
इससे पहले दिन में, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अंबाला में विमान से उतरने के बाद सड़क मार्ग से कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुए। भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, राव नरेंद्र सिंह और पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी महासचिव बी के हरिप्रसाद सहित वरिष्ठ नेताओं ने अंबाला हवाई अड्डे पर राहुल गांधी का स्वागत किया।
कांग्रेस ने एक दशक से अधिक के अंतराल के बाद पिछले साल हरियाणा में जिला इकाई अध्यक्षों की नियुक्ति की। पार्टी के 'संगठन सृजन अभियान' के तहत अगस्त में 32 जिला कांग्रेस समिति के प्रमुखों की नियुक्ति की गई थी।
पिछले साल नवंबर में उत्तराखंड में 27 जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्षों की नियुक्ति की गई थी।
कांग्रेस ने दोनों राज्यों में अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने तथा जमीनी स्तर पर पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने के लिए जिला इकाई के अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया है।
पार्टी नेता हुड्डा, सैलजा और सुरजेवाला ने हाल ही में जिला इकाई के अध्यक्षों को संबोधित किया था।
कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि प्रशिक्षण मॉड्यूल में कांग्रेस के इतिहास, विचारधारा, नीतियों, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और भविष्य की राजनीतिक रूपरेखा सहित कई विषयों को शामिल किया गया है।
भाषा शफीक नरेश
नरेश
2101 1954 कुरुक्षेत्र