एनसीआरटीसी की आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर पॉड होटल और फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट की योजना
नरेश
- 21 Jan 2026, 08:24 PM
- Updated: 08:24 PM
नयी दिल्ली, 21 जनवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के सबसे व्यस्त परिवहन केंद्रों में से एक, आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर जल्द ही एक पॉड होटल, एक प्रीमियम भोजन सुविधा और अन्य यात्री-केंद्रित सेवाएं विकसित की जाएंगी।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने कहा कि उसने आनंद विहार स्टेशन पर संपत्ति विकास का ठेका दिया है, जिससे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर स्थित स्टेशन परिसर के भीतर 30 बिस्तरों की क्षमता वाला एक आधुनिक पॉड होटल, एक बढ़िया भोजनालय और अन्य वाणिज्यिक सुविधाएं स्थापित की जा सकेंगी।
पॉड होटल कम समय के लिए ठहरने की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं, खासकर उन यात्रियों के लिए जिनका ठहराव का समय सीमित होता है। एनसीआरटीसी ने बताया कि इस सुविधा से लंबी दूरी के यात्रियों और कई बार ट्रेन बदलने वाले यात्रियों को स्टेशन के अंदर ही आराम करने की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें ठहरने के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
प्रस्तावित विकास परियोजना में खाद्य और पेय पदार्थ की दुकानें, कार्यालय स्थान, परिधान की दुकानें और अन्य खुदरा सुविधाएं भी शामिल हैं।
एनसीआरटीसी ने बताया कि स्टेशन के विभिन्न स्तरों पर चार स्थानों पर लगभग 4,000 वर्ग मीटर के एक अस्थायी क्षेत्र को विकास के लिए लाइसेंस दिया गया है।
एनसीआरटीसी ने कहा कि यह पहल दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के साथ वाणिज्यिक क्षमता का मुद्रीकरण करने और किराए से हटकर होने वाली आमदनी को मजबूत करने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
आनंद विहार एक महत्वपूर्ण मल्टी-मॉडल हब है जो दिल्ली मेट्रो की पिंक और ब्लू लाइन, आनंद विहार रेलवे स्टेशन और दो अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों से जुड़ा हुआ है - एक दिल्ली में और दूसरा उत्तर प्रदेश के कौशांबी में।
82 किलोमीटर लंबा आरआरटीएस (रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम) कॉरिडोर दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ से होकर गुजरता है, जो घनी आबादी वाले शहरी केंद्रों को जोड़ता है, और आनंद विहार और सराय काले खां जैसे स्टेशनों पर बहु-मॉडल एकीकरण पर जोर देता है।
इसके संचालन की शुरुआत से लेकर अब तक, इस कॉरिडोर पर दो करोड़ से अधिक यात्रियों ने यात्रा की है। वर्तमान में, 11 स्टेशनों वाला 55 किलोमीटर का हिस्सा चालू है, जबकि शेष खंड जिनमें सराय काले खान-न्यू अशोक नगर और मेरठ साउथ-मोदीपुरम शामिल हैं - जल्द ही चालू होने की उम्मीद है।
एनसीआरटीसी ने कहा कि वर्तमान में प्रतिदिन यात्रियों की औसत संख्या 55,000 से 60,000 के बीच है और पूर्ण रूप से चालू होने के बाद इसमें काफी वृद्धि होने का अनुमान है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश
2101 2024 दिल्ली