पश्चिमी दिल्ली में चोरी की एसयूवी से टक्कर लगने से दो पुलिसकर्मी घायल, तीन वाहन चोर गिरफ्तार
शुभम मनीषा
- 16 Jan 2026, 05:41 PM
- Updated: 05:41 PM
नयी दिल्ली, 16 जनवरी (भाषा) पश्चिमी दिल्ली में पुलिसकर्मियों द्वारा रोकने के प्रयास के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की एक एसयूवी के चालक ने उन्हें कुचलने का प्रयास किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद तीन अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया।
जमीनी निगरानी से पता चला कि एसयूवी (एक किआ सेल्टोस) का इस्तेमाल शहर में कई महंगी गाड़ियों की चोरी के मामलों में किया जा रहा था, जिसके बाद गिरफ्तारियां की गईं।
दराडे के पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) शरद भास्कर ने बताया, "पुलिस से बचने के लिए एसयूवी पर कथित तौर पर नकली नंबर प्लेट लगाकर इसका विभिन्न इलाकों से महंगी कारों की चोरी में इस्तेमाल किया जाता था। पिछले कुछ दिनों से यह संदिग्ध वाहन रात करीब 11 बजे विवेक विहार आईटीआई अंडरपास के पास बार-बार देखा जा रहा था।"
उन्होंने कहा कि विशिष्ट और विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर एक टीम ने 15-16 जनवरी की दरमियानी रात को जाल बिछाया।
उन्होंने बताया कि जब पुलिस दल ने वाहन को रुकने का इशारा किया तो आरोपी ने जान लेने के इरादे से वाहन को सीधे पुलिसकर्मियों की ओर बढ़ा दिया।
डीसीपी ने बताया, "तेज रफ्तार वाहन की टककर लगने से हेड कांस्टेबल देवेंद्र और कांस्टेबल मनीष फुटपाथ पर जा गिरे और उन्हें चोटें आईं। भागने की कोशिश में आरोपी ने सार्वजनिक वाहनों को भी टक्कर मारी, जिससे दहशत फैल गई और व्यस्त सड़क पर आने-जाने वाले लोगों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया।"
उन्होंने कहा कि खतरे और चोट लगने के बावजूद टीम ने वाहन को घेर लिया और थोड़ी देर की जद्दोजहद के बाद तीनों आरोपियों को काबू में कर लिया।
आरोपियों की पहचान मशरूर (56), आसिफ (42) और अकील (40) के रूप में हुई है और ये सभी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
डीसीपी ने कहा, "घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी चिकित्सा-कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है। इस मामले में अलग से कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।"
जांच के दौरान पता चला कि एसयूवी पिछले साल दो सितंबर को मुखर्जी नगर इलाके से चोरी हुई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी की एसयूवी का इस्तेमाल दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में चोरी और रेकी करने के लिए कर रहे थे।
विवेक विहार थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम