राजस्थान में कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के वोट काटने की साजिश : डोटासरा
बाकोलिया खारी
- 15 Jan 2026, 11:35 PM
- Updated: 11:35 PM
जयपुर, 15 जनवरी (भाषा) कांग्रेस की राजस्थान इकाई के नेताओं ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के तहत राज्य में कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश रच रही है।
कांग्रेस पार्टी ने अपने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बूथ स्तरीय एजेंटों से इस संबंध में सतर्क रहने को कहा है, ताकि कोई जायज वोट न काटा जा सके।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा मतदाताओं के वोट के अधिकार को ही समाप्त करने पर आमादा है।
भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की आदत निराधार आरोप लगाने की है।
डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस मुद्दे को लेकर यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि राज्य में जारी एसआईआर प्रक्रिया के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस समर्थक हजारों मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, जबकि भाजपा विचारधारा वाले लोगों के फर्जी नाम जोड़े जा रहे हैं।
बाद में डोटासरा और अन्य कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा।
डोटासरा ने कहा, “एक तरफ पुरानी मतदाता सूची को फर्जी बताकर शुद्ध मतदाता सूची बनाने के नाम पर एसआईआर प्रक्रिया की जा रही है और दूसरी तरफ अब तक की एसआईआर में हर विधानसभा क्षेत्र में हजारों मतदाताओं के नाम काटे गए हैं तथा भाजपा विचारधारा वाले लोगों के फर्जी नाम बूथवार जोड़े जा रहे हैं। यह देश, लोकतंत्र और संविधान के लिए बेहद खतरनाक है।”
उन्होंने आरोप लगाया, “सत्ता का दुरुपयोग जिस स्तर पर भाजपा कर रही है, वह संविधान में प्रदत्त वोट के अधिकार को ही समाप्त करने की साजिश है। इसका हम विरोध करेंगे।”
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों को आवश्यक आंकड़े देकर हर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम कटवाने या भाजपा समर्थक लोगों के फर्जी नाम जुड़वाने का काम सौंपा गया है।
उन्होंने कहा कि हाल में मुख्यमंत्री आवास से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक ‘पेन ड्राइव’ में डाटा भेजा गया, जिसके आधार पर नकली हस्ताक्षरों वाले हजारों मुद्रित फॉर्म कई विधानसभा क्षेत्रों में भेजे गए।
डोटासरा ने कहा, “ये फॉर्म फर्जी हैं और नियमानुसार नहीं हैं।”
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि अलवर में 7,000 से 10,000 फॉर्म जमा किए गए हैं।
उन्होंने कहा, “आगामी पंचायती राज और नगरीय निकाय चुनावों में हार के डर से भाजपा एसआईआर के जरिए कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश कर रही है।”
अलवर में कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि नाम हटाने के लिए अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फॉर्म जमा किए गए हैं।
जूली ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि गृह मंत्री अमित शाह के जयपुर दौरे के बाद यह काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
संवाददाता सम्मेलन के बाद डोटासरा, जूली और अन्य कांग्रेस नेता सचिवालय गए और मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन से मुलाकात की।
आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के प्रदेश महासचिव श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि कांग्रेस के आरोप निराधार हैं।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस को जनता ने नकार दिया है, इसलिए पार्टी बेतुके बयान दे रही है। कांग्रेस की राजनीति झूठ, धोखे और नाटक पर आधारित है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को रोहिंग्या, बांग्लादेशी और अवैध प्रवासियों से सहानुभूति है और नियमों के तहत उनके नाम हटाए जाने पर पार्टी को आपत्ति हो रही है।
राजस्थान की प्रारूप मतदाता सूची 16 दिसंबर 2025 को प्रकाशित की गई थी। कुल 5.46 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 42 लाख नाम हटाए गए हैं। दावे और आपत्तियां दर्ज करने के लिए एक माह की अवधि तय की गई थी, जिसकी अंतिम तिथि 15 जनवरी थी।
दावे और आपत्तियों पर सुनवाई, सत्यापन और निर्णय सात फरवरी तक किए जाएंगे तथा अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी।
भाषा बाकोलिया