भारत ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों से देश छोड़ने को कहा
आशीष सुरेश
- 14 Jan 2026, 09:19 PM
- Updated: 09:19 PM
नयी दिल्ली, 14 जनवरी (भाषा) भारत ने बुधवार को ईरान में रह रहे अपने सभी नागरिकों से उपलब्ध साधनों के जरिये उस देश से निकलने और वहां की यात्रा से बचने को कहा है। यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब तेहरान में जारी राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों पर संभावित अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप को लेकर तनाव बढ़ रहा है।
इन प्रदर्शनों में अब तक 2,500 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
ईरान में भारतीय दूतावास ने एक नया परामर्श जारी करते हुए बदलते हालात के मद्देनजर छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों समेत वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को वाणिज्यिक उड़ानों सहित परिवहन के उपलब्ध साधनों का इस्तेमाल करके देश छोड़ने को कहा है।
अनुमान के अनुसार, ईरान में फिलहाल लगभग 10,000 भारतीय रह रहे हैं, जिनमें छात्र भी शामिल हैं।
दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों (पीआईओ) को सावधानी बरतने, विरोध प्रदर्शनों या रैलियों वाले क्षेत्रों से बचने और भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने को कहा है।
भारतीय नागरिकों से पासपोर्ट सहित अपने यात्रा और आव्रजन दस्तावेजों को तैयार रखने का भी आग्रह किया गया। ईरान में ‘रेजिडेंट वीजा’ पर रह रहे भारतीयों को भी दूतावास में पंजीकरण कराने की सलाह दी गई।
दूतावास ने कहा कि यदि ईरान में इंटरनेट की समस्या के कारण कोई भारतीय नागरिक पंजीकरण कराने में असमर्थ है, तो भारत में उनके परिवारों से ऐसा करने का अनुरोध किया जाता है।
दूतावास के अनुसार, ‘‘ईरान में बदलती स्थिति के मद्देनजर वहां मौजूद भारतीय नागरिकों (छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों) को वाणिज्यिक उड़ानों सहित परिवहन के उपलब्ध साधनों का उपयोग करके देश छोड़ने की सलाह दी जाती है।’’
भारत का यह परामर्श ईरान और क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अगर ईरान प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई जारी रखता है तो वह सैन्य कार्रवाई करेगा।
ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए मंगलवार को कहा, ‘‘मदद पहुंचने वाली है।’’ अमेरिकी राष्ट्रपति पहले ही ईरान के साथ व्यापार करने वाले देशों पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा कर चुके हैं।
ईरानी मुद्रा रियाल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर गिरने के बाद पिछले महीने तेहरान में प्रदर्शन शुरू हुए। तब से ये प्रदर्शन सभी 31 प्रांतों में फैल चुके हैं, और आर्थिक संकट के खिलाफ आंदोलन से शुरू होकर राजनीतिक परिवर्तन की मांग में तब्दील हो गए हैं।
विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मंत्रालय ने कहा कि ईरान में मौजूदा घटनाक्रम को देखते हुए भारतीय नागरिकों को फिर से सलाह दी जाती है कि वे अगली सूचना तक इस्लामिक गणराज्य ईरान की यात्रा करने से बचें।
विदेश मंत्रालय ने पांच जनवरी को जारी पिछले परामर्श में भारतीय नागरिकों से ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने का आग्रह किया था। साथ ही, ईरान में रहने वाले भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों से सावधानी बरतने और प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में जाने से बचने को कहा था।
अमेरिका स्थित ‘ह्यूमन राइट एक्टिविस्ट न्यूज एजेंसी’ (एचआरएएनए) के अनुसार, ईरान में पिछले कुछ दिनों में देशव्यापी प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,500 से अधिक हो गई है।
भाषा आशीष