डिवाइन का अर्धशतक, गुजरात जाइंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 210 रन का लक्ष्य दिया
सुधीर नमिता
- 11 Jan 2026, 09:22 PM
- Updated: 09:22 PM
नवी मुंबई, 11 जनवरी (भाषा) सोफी डिवाइन के तूफानी अर्धशतक से गुजरात जाइंट्स ने महिला प्रीमियर लीग में रविवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 209 रन बनाए।
डिवाइन ने 42 गेंद में आठ छक्कों और सात चौकों से 95 रन की पारी खेलने के अलावा बेथ मूनी (19) के साथ पहले विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी भी की। एशलेग गार्डनर ने भी 49 रन बनाए। उन्होंने 26 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और चार चौके मारे।
दिल्ली की ओर से नंदिनी शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहीं जिन्होंने अपना तीसरा डब्ल्यूपीएल मैच खेलते हुए 33 रन पर पांच विकेट चटकाए। उन्होंने पारी के अंतिम ओवर में हैट्रिक सहित चार विकेट चटकाकर गुजरात की पारी को समेटा। श्री चरणी और चिनेल हेनरी ने दो-दो विकेट हासिल किए लेकिन अपने चार ओवरों में क्रमश: 42 और 43 रन लुटाए।
दिल्ली की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद डिवाइन ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। बेथ मूनी ने मारिजेन कैप की मैच की पहली गेंद पर चौका जड़ा जबकि डिवाइन ने हेनरी पर दो चौके मारे।
डिवाइन ने नंदिनी का स्वागत लगातार दो चौकों और एक छक्के के साथ किया। उन्होंने छठे ओवर में स्नेह राणा पर लगातार दो चौकों और चार छक्कों से 32 रन जोड़े जिससे यह डब्ल्यूपीएल के इतिहास का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ है।
डिवाइन ने इस दौरान 25 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और पावर प्ले में टीम का स्कोर बिना विकेट खोए 80 रन तक पहुंचाया।
श्री चरणी ने नौवें ओवर में मूनी को अपनी ही गेंद पर लपककर गुजरात जाइंट्स को पहला झटका दिया लेकिन डिवाइन ने इसी ओवर में तीन छक्कों के साथ टीम के रनों का शतक पूरा किया।
जॉर्जिया वेयरहैम भी सिर्फ तीन रन बनाकर चरणी का शिकार बनीं।
अनुष्का शर्मा (13) ने शेफाली वर्मा की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा लेकिन अगली गेंद पर नंदिनी को कैच दे बैठीं।
मीनू मणि की गेंद पर भारती फुलमाली (03) को जीवनदान मिला लेकिन वह अगले ओवर में हेनरी की गेंद पर लॉरा वोलवार्ट को कैच दे बैठीं।
एशलेग गार्डनर ने इस बीच मीनू और चरणी पर छक्के मारे। उन्होंने हेनरी पर भी छक्का जड़ा लेकिन इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर वोलवार्ट को कैच दे बैठीं।
नंदिनी ने अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर केशवी गौतम (14) को आउट करके बाद अंतिम तीन गेंद पर कनिका आहूजा (04), राजेश्वरी गायकवाड़ (00) और रेणुका सिंह (00) को पवेलियन भेजकर हैट्रिक पूरी की।
भाषा सुधीर