मनरेगा के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा डोटासरा ने
पृथ्वी राजकुमार रंजन
- 09 Jan 2026, 10:08 PM
- Updated: 10:08 PM
जयपुर, नौ जनवरी (भाषा) कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र की भाजपा नीत सरकार पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को बंद करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि ग्रामीणों से स्वाभिमान से जीने का अधिकार छीन लिया गया है।
वह यहां पंचायती राज जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि केन्द्र सरकार ने देश में मनरेगा को बंद कर दिया है। उन्होंने कहा, 'गांव में बैठे हुए व्यक्ति को स्वाभिमान से जीने का अधिकार इस योजना से मिला था, आत्मनिर्भरता के साथ वह अपने परिवार का पेट पाल रहा था, सेठ साहूकार के आगे हाथ फैलाने से बचाने का काम मनरेगा ने किया था, लेकिन उसे भी भाजपा की केन्द्र सरकार ने छीन लिया।'
डोटासरा ने आरोप लगाया, 'मनरेगा कानून को पूरी तरह से खत्म कर दिया और शब्दों की चालाकी से नाम तो रख दिया, लेकिन उससे पेट नहीं भरता, क्योंकि मनरेगा में काम का अधिकार मिलता था और नई योजना में काम का अधिकार नहीं है।'
उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना के तहत शत-प्रतिशत काम का अधिकार था और काम की गारंटी केन्द्र सरकार से मिलती थी। शत-प्रतिशत मजदूरी का पैसा केन्द्र सरकार देती थी... पगार का 90 प्रतिशत पैसा केन्द्र सरकार देती थी अब वह पैसा नहीं मिलेगा क्योंकि नई योजना के तहत केन्द्र सरकार ने यह प्रावधान कर दिया कि 40 प्रतिशत पैसा यदि राज्य सरकार देने के लिए तैयार हो तो केन्द्र सरकार 60 प्रतिशत पैसा देगी।
उन्होंने कहा कि मनमर्जी से केन्द्र सरकार ने यह कानून थोप दिया, किसी राज्य से सलाह और इजाजत भी नहीं ली।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अब केवल और केवल उन स्थानों पर काम दिया जाएगा जहां से भाजपा के प्रतिनिधि चुनकर आते हों अन्यथा काम नहीं मिलेगा। इसलिए केन्द्र सरकार ने सोची-समझी साजिश के तहत गरीबों का अधिकार खत्म करने के लिए मनरेगा को खत्म किया है। केवल भाजपा जनप्रतिनिधि के क्षेत्र में ही केन्द्र सरकार पैसा देगी।
डोटासरा के अनुसार, 'आज मनरेगा बचाने की लड़ाई नहीं लड़ी तो नया कानून लागू हो जाएगा और उसके पश्चात ग्राम पंचायत में गरीब आदमी को जहां भी जनप्रतिनिधि कांग्रेस पार्टी से चुना जाएगा काम नहीं मिलेगा।'
बैठक में राजस्थान में कांग्रेस के जिला प्रमुखों एवं जिला परिषद सदस्यों ने भाग लिया तथा सांसद मुरारी लाल मीणा व विधायक अशोक चांदना भी बैठक में शामिल हुए।
भाषा पृथ्वी राजकुमार