अंकिता हत्याकांड में 'वीआईपी' का खुलासा करने वाली सनावर एसआईटी के सामने पेश हुईं
दीप्ति नोमान
- 08 Jan 2026, 11:37 PM
- Updated: 11:37 PM
देहरादून, आठ जनवरी (भाषा) अंकिता भंडारी हत्याकांड में 'वीआईपी' का खुलासा कर उत्तराखंड में सियासी तूफान मचाने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर बृहस्पतिवार को हरिद्वार में विशेष जांच दल (एसआईटी) के सामने पेश हुईं।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि चार-पांच घंटे चली पूछताछ में सनावर ने एसआईटी के सवालों के जवाब दिए।
बाद में, सनावर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनके बयान चार-पांच कैमरों के सामने दर्ज किए गए और शुक्रवार को वह अपना मोबाइल सक्षम न्यायालय में जमा कराएंगी।
भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की कथित पत्नी सनावर ने कहा कि उन्होंने एसआईटी को सभी जवाब पूरी स्पष्टता के साथ दिए हैं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने एसआईटी को बताया कि राठौड़ और भाजपा महासचिव तथा पार्टी के उत्तराखंड मामलों के प्रभारी दुष्यंत गौतम करीबी दोस्त हैं और कई जानकारियां उन्हीं के पास हैं।
एक सवाल के जवाब में सनावर ने कहा कि वह अंकिता के परिवार से मिलने जाएंगी और उसे न्याय दिलाने की इस लड़ाई में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हैं।
इससे पहले, सनावर बुधवार को देहरादून में पुलिस के सामने पेश हुई थीं और अपना बयान दर्ज कराया था।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने बताया कि देहरादून की नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थाने में दर्ज मुकदमों के संबंध में सनावर को अपना बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया था जहां उसकी ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गयी।
उन्होंने बताया कि इस दौरान सनावर ने पुलिस को राठौड़ व उनके बीच की बातचीत की ऑडियो क्लिप दीं जिन्हें वैज्ञानिक परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने सनावर से वे साक्ष्य भी उपलब्ध कराने को कहा है, जिन्हें उनके द्वारा पुलिस को दिए जाने की बात सोशल मीडिया पर कही जा रही थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि सनावर ने विवेचना में ऑडियो क्लिप के अलावा अन्य कोई साक्ष्य नहीं दिए।
उन्होंने बताया कि सनावर द्वारा अपनी सुरक्षा के संबंध में एक प्रार्थनापत्र दिया गया है जिसे स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) को भेजकर उससे इस पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गयी है ।
सोशल मीडिया पर अपने वीडियो तथा राठौड़ से उनकी कथित बातचीत के ऑडियो जारी कर अंकिता हत्याकांड में कथित 'वीआईपी' का खुलासा करने वाली सनावर तथा राठौड़ के खिलाफ देहरादून और हरिद्वार में अनेक प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं।
भाजपा नेता गौतम ने भी देहरादून में सनावर और राठौड़ पर विपक्षी दलों के साथ मिलकर उनके खिलाफ गहरी साजिश करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है ।
पौड़ी के वनंत्रा रिजॉर्ट में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता की रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी । मामले में तीनों दोषियों को उम्रकैद की सजा हो चुकी है ।
उधर, गिरफ्तारी पर उत्तराखंड उच्च न्यायालय से रोक लगने के बाद राठौड़ भी सामने आ गए और कहा कि वह इस मामले की जांच में एसआईटी को पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं ।
एक बयान में उन्होंने कहा कि जब भी पुलिस उन्हें बुलाएगी, वह उसके सामने पेश होकर जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
भाषा दीप्ति