2014 से 2024 के बीच पुन: निर्वाचित सांसदों की संपत्ति में औसतन 110 प्रतिशत की वृद्धि: एडीआर
वैभव पवनेश
- 08 Jan 2026, 10:18 PM
- Updated: 10:18 PM
नयी दिल्ली, आठ जनवरी (भाषा) एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 2014 और 2024 के बीच, लोकसभा के लिए दोबारा चुने गए 102 सांसदों की संपत्ति में औसतन 100 प्रतिशत से ज़्यादा की बढ़ोतरी हुई है।
जिन दस सांसदों की संपत्ति में सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी हुई है, उनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उदयनराजे भोंसले, पूनमबेन मादम, हेमा मालिनी और निशिकांत दुबे; वाईएसआरसीपी के पीवी मिधुन रेड्डी; शिरोमणि अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल; तृणमूल कांग्रेस के शत्रुघ्न सिन्हा; तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की सुप्रिया सुले शामिल हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2014 से 2024 के लोकसभा चुनावों के बीच दोबारा निर्वाचित हुए 102 सांसदों की संपत्ति में औसतन 17.36 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जो लगभग 110 प्रतिशत की वृद्धि है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भोंसले की संपत्ति में 268 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वह 2014 और 2019 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से सांसद थे और 2024 में महाराष्ट्र के सतारा से भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर चुने गए।
साल 2014 में, उनके पास 60 करोड़ रुपये की संपत्ति थी, जो 2019 में बढ़कर 199 करोड़ रुपये हो गई, और 2024 में बढ़कर 223 करोड़ रुपये हो गई। यानी कुल 160 करोड़ रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई।
गुजरात के जामनगर से भाजपा सांसद मादम की संपत्ति में 130 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई, और 2024 में उनकी संपत्ति 147 करोड़ रुपये हो गई, जो 2014 से 747 प्रतिशत ज़्यादा है, जब उन्होंने 17 करोड़ रुपये की संपत्ति की घोषणा की थी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि राजमपेट सीट से वाईएसआरसीपी के पी वी मिधुन रेड्डी की संपत्ति 2014 में 22.59 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024 में 124.25 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि अभिनेत्री-सांसद हेमा मालिनी की संपत्ति 2014 में 178 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024 में 100 करोड़ रुपये से ज़्यादा वृद्धि के साथ 278 करोड़ रुपये हो गई है।
गुरुग्राम से भाजपा के सांसद राव इंद्रजीत सिंह की संपत्ति 2014 में 25 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024 में 96 करोड़ रुपये वृद्धि के साथ 121 करोड़ रुपये हो गई, जो 385 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
शत्रुघ्न सिन्हा 2014 में भाजपा सांसद थे और बाद में तृणमूल कांग्रेस में चले गए। उनकी संपत्ति में 78 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई, जो 2014 में 131 करोड़ रुपये थी, और 2024 में बढ़कर 210 करोड़ रुपये हो गई।
हरसिमरत कौर बादल की संपत्ति 2014 में 108 करोड़ रुपये से बढ़कर 2019 में 217 करोड़ रुपये हो गई, और 2024 में थोड़ी कम होकर 198 करोड़ रुपये हो गई, जिसमें कुल 90 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई।
इस बीच, गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे की संपत्ति 2014 में 15 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024 में 74 करोड़ रुपये हो गई, जबकि बारामती सांसद सुप्रिया सुले की संपत्ति 113 करोड़ रुपये से बढ़कर 166 करोड़ रुपये हो गई।
भाषा वैभव