अंकिता हत्याकांड: सनावर से पुलिस ने पूछताछ की, धामी से मिले मृतका के माता-पिता
दीप्ति नोमान
- 07 Jan 2026, 11:46 PM
- Updated: 11:46 PM
देहरादून, सात जनवरी (भाषा) अंकिता भंडारी हत्याकांड में 'वीआईपी' का खुलासा कर उत्तराखंड में सियासी भूचाल लाने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर से बुधवार को पुलिस ने कई घंटे तक पूछताछ की जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतका के माता-पिता से मुलाकात की।
सनावर मंगलवार रात देहरादून पहुंची और बुधवार को पुलिस के सामने पेश हुईं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कई घंटे चली पूछताछ के दौरान पुलिस ने सनावर के मोबाइल फोन से कई ऑडियो रिकॉर्डिंग लीं जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की कथित पत्नी सनावर बृहस्पतिवार को हरिद्वार में विशेष जांच दल (एसआईटी) के सामने पेश होंगी। हरिद्वार में उनके खिलाफ इस संबंध में कई मुकदमे दर्ज हैं।
सनावर ने हाल में सोशल मीडिया पर अपने वीडियो तथा राठौड़ के साथ अपनी कथित बातचीत के ऑडियो जारी कर आरोप लगाया था कि अंकिता हत्याकांड में कथित 'वीआईपी' भाजपा का एक नेता है। एक अन्य वीडियो में उन्होंने उसकी पहचान भी उजागर कर दी थी।
इस संबंध में उनके तथा राठौड़ के खिलाफ देहरादून और हरिद्वार में अनेक प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तथा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने भी देहरादून में सनावर और राठौड़ के खिलाफ विपक्षी दलों के साथ मिलकर उनके विरुद्ध गहरी साजिश करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
उधर, नए खुलासे के मद्देनजर पूरे प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने की बढ़ती मांग के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को दिवंगत अंकिता भंडारी के माता-पिता ने मुलाकात की और अपनी भावनाओं से उन्हें अवगत कराया।
अधिकारियों ने बताया कि यहां मुख्यमंत्री आवास में हुई मुलाकात में धामी ने अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी तथा माता सोनी देवी की बातों को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में न्याय सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग एवं उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा था कि अंकिता के माता-पिता से बातचीत करने के बाद उनकी इच्छा के अनुसार हत्याकांड की जांच के बारे में निर्णय लिया जाएगा।
वर्ष 2022 में पौड़ी के वनंत्रा रिजॉर्ट में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता की रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी । इस मामले में तीनों दोषियों को उम्रकैद की सजा हो चुकी है ।
अंकिता हत्याकांड में 'वीआईपी' को लेकर हाल में हुए कथित खुलासे के बाद पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदेश में कांग्रेस समेत तमाम राजनीतिक और सामाजिक संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं ।
धामी ने कहा था कि राज्य की जनता ने संवेदनशीलता के साथ इस मुद्दे पर अपनी भागीदारी की है और अपना मत दिया है लेकिन इससे सबसे ज्यादा प्रभावित अंकिता के माता-पिता और उनका परिवार हुआ है।
उन्होंने कहा, “मैं राज्य के मुख्य सेवक के रूप में उनके (अंकिता के) माता-पिता से बात करूंगा। उनसे बात करने और कानूनी रूप से सभी चीजों का अध्ययन करने के बाद वे अपनी बेटी के न्याय के लिए जो भी चाहते होंगे, हम उसे आगे बढ़ाएंगे।”
इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पर सीबीआई जांच का दवाब बढ़ाने के लिए कहा कि अंकिता के माता-पिता पिछले साढ़े तीन साल में कई बार यह मांग कर चुके हैं।
एक नए घटनाक्रम में सनावर का एक और कथित ऑडियो सामने आया है जिसमें राठौड़ के साथ बातचीत में वह यह कहते सुनाई दे रही हैं कि उन पर दुष्यंत गौतम का नाम लेने का दवाब था।
इस कथित ऑडियो पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में उसकी पार्टी के नेताओं को बदनाम करने की साजिशों का पर्दाफ़ाश हो रहा है और जल्द ही इसमें शामिल लोग भी बेनकाब होंगे।
भाजपा की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा नेताओं पर आरोप लगा रही महिला के एक ऑडियो में वार्तालाप के दौरान इस बात की पुष्टि हुई है कि भाजपा के प्रदेश प्रभारी सहित अन्य नेताओं पर लांछन लगाने के लिए सुनियोजित तरीके से षड्यंत्र रचा गया।
उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले में शामिल लोगों का भी खुलाासा हो जाएगा।
भट्ट ने सीबीआई जांच की मांग कर रही कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि मामले में सवाल उठाने वाली कांग्रेस ही अब सवालों के कटघरे में है।
भाषा दीप्ति