अधिकारी दालमंडी सड़क चौड़ीकरण व भूमि अधिग्रहण के कार्यों में तेजी लाएं: योगी आदित्यनाथ
सं आनन्द धीरज
- 03 Jan 2026, 11:18 PM
- Updated: 11:18 PM
वाराणसी (उप्र), तीन जनवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यहां अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे दालमंडी सड़क चौड़ीकरण व भूमि अधिग्रहण के कार्यों में तेजी लाएं।
दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को वाराणसी पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने यहां सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने दालमंडी सड़क चौड़ीकरण हेतु भूमि अधिग्रहण के कार्यों को शीघ्रता से किए जाने और सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने इससे संबंधित न्यायालयों में लंबित मामलों की उचित पैरवी कर शीघ्रता से निस्तारण सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनपद में बाढ़ बचाव से संबंधित कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए उनके सुझावों को भी प्रस्तावों में शामिल करें। योगी आदित्यनाथ ने वरुणा नदी पुनरोद्धार हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने नाविकों से लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घाट श्रद्धालुओं के लिए है, वहां किसी भी तरह का धरना प्रदर्शन तथा अराजकता स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी हर कार्य की निगरानी करें तथा किसी भी स्तर पर यदि बाधा होती है तो उसका अविलंब निस्तारण कराएं, ताकि अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित हो।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सीवर तथा पेयजल सुविधा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम तथा जलनिगम अपनी कार्यप्रणाली पर गंभीरता से नजर रखें और सुनिश्चित करें कि नागरिकों को हर हाल में शुद्ध पेयजल आपूर्ति हो।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ठंड के मद्देनजर पर्याप्त रैन बसेरे संचालित हों। वहां पर्याप्त मात्रा में कंबल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों।
उन्होंने नगर निगम एवं विकास प्राधिकरण को नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिया। माघ मेले को लेकर विशेष तैयारियों समेत सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपद में निर्माणाधीन विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। बैठक में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, डॉ दयाशंकर मिश्र ’दयालु सहित प्रशासन, पुलिस व अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
भाषा सं आनन्द