उत्तर प्रदेश में भाजपा विधायक डॉ श्याम बिहारी का दिल का दौरा पड़ने से निधन
सं आनन्द राजकुमार
- 02 Jan 2026, 09:03 PM
- Updated: 09:03 PM
बरेली (उप्र), दो जनवरी (भाषा) बरेली जिले के फरीदपुर (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डॉ श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार दोपहर में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पार्टी और परिवार के लोगों ने यह जानकारी दी।
डॉ श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शामिल थे। उन्होंने बृहस्पतिवार को अपना 60 वां जन्मदिन मनाया था।
एक पार्टी कार्यकर्ता ने बताया कि सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री एक बैठक ले रहे थे, जिसमें विधायक श्याम बिहारी लाल भी शामिल थे।
कार्यकर्ता के अनुसार दोपहर करीब सवा दो बजे अचानक श्याम बिहारी लाल की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उनके सहयोगियों ने तत्काल मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनको वेंटिलेटर पर रखा गया। उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और करीब तीन बजे मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
योगी ने “एक्स” पोस्ट किया,“जनपद बरेली के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से माननीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। उनके प्रति मेरी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि है।”
मुख्यमंत्री ने लिखा, “मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’’
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “बरेली की फरीदपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक श्याम बिहारी लाल जी का निधन, अत्यंत दुःखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं है। भावभीनी श्रद्धांजलि।”
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पर अपने शोक संदेश में कहा, “बरेली जनपद के फरीदपुर विधान सभा क्षेत्र से माननीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी के आकस्मिक निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।”
चौधरी ने कहा,“ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें।”
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर लिखा, “बरेली जनपद के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं हैं।”
मौर्य ने कहा “प्रभु श्रीराम जी दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।”
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने “एक्स” पर लिखा, “ बरेली जनपद के विधानसभा क्षेत्र फरीदपुर से जनप्रिय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी के आकस्मिक निधन की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”
उन्होंने कहा, “ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को संबल प्रदान करें।”
डॉ. श्याम बिहारी लाल बरेली में सुरक्षित फरीदपुर विधानसभा सीट से दूसरी बार चुनाव जीतकर विधायक बने थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू लता, एक बेटा और दो बेटियां हैं ।
बरेली में मेडिसिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर विमल भारद्धाज ने बताया, “श्याम बिहारी लाल को लाया गया तब उनका बीपी पल्स नहीं चल रहा था। हम लोगों ने सीपीआर दिया। करीब एक घंटा इलाज चला। हम उन्हें वेंटिलेटर पर भी ले गए, लेकिन बचाया नहीं जा सका।”
श्यामबिहारी लाल का जन्म एक जनवरी 1966 को हुआ था। उन्होंने एम.जे.पी. रोहिलखंड विश्वविद्यालय से इतिहास में पी.एच.डी. की थी। वह रोहिलखंड विश्वविद्यालय में इतिहास के प्रोफेसर थे। वह भारतीय जनता पार्टी से 2017 में पहली बार विधानसभा में पहुंचे थे।
भाषा सं आनन्द