आंध्र प्रदेश : 11 बजे तक लोकसभा चुनाव में 23.1 फीसदी और विधानसभा चुनाव में 23 फीसदी मतदान
जितेंद्र मनीषा
- 13 May 2024, 01:08 PM
- Updated: 01:08 PM
अमरावती (आंध्र प्रदेश), 13 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश की 25 लोकसभा सीट पर पूर्वाह्न 11 बजे तक 23.1 फीसदी और विधानसभा की 175 सीट पर 23 फीसदी मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के ऐप पर यह जानकारी दी गयी।
पुलिस के मुताबिक, युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेता और तेनाली से विधायक ए शिव कुमार ने विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं से बहस होने के बाद एक मतदाता के साथ कथित रूप से हाथापाई की।
राज्य में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा। हालांकि कुछ स्थानों पर मतदान एक या दो घंटे पहले समाप्त हो जाएगा।
राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी और तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू ने अपने-अपने परिवार के सदस्यों के साथ सुबह के समय मतदान किया।
आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला ने इडुपुलुपाया में वोट डाला। तेदेपा और वाईएसआरसीपी के समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने राज्य के कई स्थानों पर, विशेष रूप से पलनाडु, कडप्पा और अन्नामय्या जिलों में एक-दूसरे के खिलाफ हिंसा के आरोप लगाए।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे कोदुर विधानसभा क्षेत्र के दलवईपल्ली गांव में एक ईवीएम को नष्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि सत्तारूढ़ पार्टी और तेदेपा के कार्यकर्ताओं की कारें भी क्षतिग्रस्त हईं हैं।
वहीं मायडुरुकु विधानसभा क्षेत्र के नक्कालादिन्ने गांव में तेदेपा के एक कार्यकर्ता पर हमला हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वाईएसआरसीपी ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ता सुरेश रेड्डी को चित्तूर के गुडीपाला मंडल के मंडी कृष्णापुरम गांव में चाकू मारा गया।
वाईएसआरसीपी ने एक बयान में कहा कि तेदेपा कार्यकर्ताओं ने वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता नंदीगाम सुरेश के वाहन को कथित तौर पर क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस बीच तेदेपा विधान पार्षद मोहम्मद अहमद शरीफ ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुकेश कुमार मीणा को पत्र लिखकर पलनाडु जिले के रेंतीचिंतला मंडल के रेंताला गांव में वाईएसआरसीपी कार्यकर्ताओं द्वारा तेदेपा समर्थकों पर कथित रूप से हमले किये जाने की शिकायत की।
तेदेपा की एक अन्य विधानपार्षद पी अनुराधा ने मीणा को पत्र लिखकर वाईएसआरसीपी प्रमुख जगन मोहन रेड्डी और नेता वी रजनी के नाम से 'आईवीआरएस' कॉल किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि यह आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का उल्लंघन है।
वाईएसआरसीपी राज्य की सभी 175 विधानसभा और 25 लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों के बीच सीट-बंटवारे को लेकर बनी सहमति के तहत, तेदेपा 144 विधानसभा सीटों पर और 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव मैदान में है जबकि भाजपा लोकसभा की छह सीट और 10 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है। जनसेना के खाते में लोकसभा की दो और विधानसभा की 21 सीट आई हैं।
भाषा जितेंद्र