नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ानों का परिचालन शुरू
राखी पारुल
- 26 Dec 2025, 12:48 AM
- Updated: 12:48 AM
मुंबई, 25 दिसंबर (भाषा) नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बृहस्पतिवार को वाणिज्यिक उड़ानों का परिचालन शुरू हो गया। यह भारत के नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) के लिए हवाई यात्रा क्षमता का विस्तार होगा।
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) पर इंडिगो की बेंगलुरु से आने वाली उड़ान सुबह आठ बजे उतरी।
हवाई अड्डा संचालक ने एक बयान में कहा कि आगमन पर विमान को पारंपरिक 'वॉटर कैनन सैल्यूट' (पानी की बौछारों से सलामी) दिया गया। यह विमानन क्षेत्र की एक पुरानी परंपरा है, जिसने एनएमआईए के पहले वाणिज्यिक आगमन और प्रस्थान का संकेत दिया।
एनएमआईए ने बताया कि इस सुविधा के शुरू हो जाने के साथ ही मुंबई उन वैश्विक विमानन केंद्रों की श्रेणी में शामिल हो गई है, जिनमें लंदन, न्यूयॉर्क, मॉस्को, तोक्यो और शंघाई जैसे शहर शामिल हैं, जहां बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए एक से अधिक हवाई अड्डे बनाए गए हैं।
बयान के मुताबिक, पहली उड़ान के आगमन के बाद हवाई अड्डे से पहली उड़ान इंडिगो की 6ई882 सुबह 8:40 बजे हैदराबाद के लिए रवाना हुई, जिसके साथ ही एनएमआईए का उद्घाटन आगमन और प्रस्थान चक्र पूरा हो गया।
पहले दिन इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और स्टार एयर घरेलू सेवाओं का परिचालन करेंगी, जो इस नयी सुविधा को भारत के नौ गंतव्यों से जोड़ेंगी।
अदाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी ने व्यक्तिगत रूप से पहली उड़ान के यात्रियों का स्वागत किया और हवाई अड्डे के कर्मचारियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और पहली बार हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ बातचीत की।
अदाणी ने कहा कि यह पल ‘‘आत्मविश्वास और करुणा के साथ आगे बढ़ते राष्ट्र की भावना’’ को दर्शाता है।
अपनी सात वर्षीय बेटी साई प्रतीक्षा के साथ पहली उड़ान में यात्रा करने वाले राम प्रसाद ने खुशी जताते हुए कहा, ‘‘हवाई अड्डे से जुड़ी हर चीज अच्छी है, खासकर (गौतम) अदाणी जी का आभार, जो खुद यहां हमारा स्वागत करने आए। उन्होंने हमें आमंत्रित किया, हम बहुत उत्साहित हैं।’’
बयान के अनुसार, हवाई अड्डे से पहले दिन 15 उड़ानें प्रस्थान करेंगी। इसमें कहा गया है कि प्रारंभिक चरण के दौरान यह सुविधा 12 घंटे (सुबह आठ बजे से रात आठ बजे के बीच) संचालित होगी, जिसमें 13 गंतव्यों के लिए प्रतिदिन 24 उड़ानें रवाना की जाएंगी।
बयान के मुताबिक, हवाई अड्डे में प्रति घंटे 10 विमानों के आवागमन (आगमन और प्रस्थान) को संभालने की क्षमता होगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस साल आठ अक्टूबर को इस हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था।
पांच चरणों वाले इस हवाई अड्डे का पहला चरण 19,650 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।
हवाई अड्डे के सभी पांच चरण पूरे होने तक यह सालाना नौ करोड़ यात्रियों को सेवा प्रदान करेगा, साथ ही इसमें समर्पित कार्गो टर्मिनल भी होगा।
पूरी परियोजना को एक विशेष प्रयोजन इकाई (एसपीवी), नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एनएमआईएएल) के तहत कई चरणों में विकसित किया जा रहा है, जिसमें अदाणी समूह की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है और शेष 26 प्रतिशत हिस्सेदारी नगर एवं औद्योगिक विकास निगम (सिडको) के पास है।
अगले साल फरवरी से परिचालन को उत्तरोत्तर बढ़ाकर चौबीसों घंटे करने की योजना है।
भाषा राखी