बीएनपी के कार्यवाहक प्रमुख तारिक रहमान के बृहस्पतिवार को बांग्लादेश लौटने की संभावना
आशीष दिलीप
- 24 Dec 2025, 10:31 PM
- Updated: 10:31 PM
ढाका, 24 दिसंबर (भाषा) बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष और प्रभावशाली जिया परिवार के उत्तराधिकारी तारिक रहमान बृहस्पतिवार को स्वदेश लौटने वाले हैं। बीएनपी ने यह जानकारी दी।
रहमान लगभग 17 वर्षों से लंदन में स्व-निर्वासन में रह रहे हैं।
बीमार पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया (80) के बेटे रहमान (60) आगामी फरवरी में होने वाले आम चुनाव में प्रधानमंत्री पद के प्रमुख दावेदार के रूप में उभरे हैं।
बीएनपी के प्रवक्ता रुहुल कबीर रिज़वी ने जिया के बड़े बेटे रहमान की वापसी का जिक्र करते हुए कहा, "यह एक निर्णायक राजनीतिक क्षण होगा।"
उनके पिता ज़ियाउर रहमान सैन्य शासक से नेता बने थे। जियाउर ने बीएनपी की स्थापना की। वह 1977 से 1981 तक राष्ट्रपति थे, जब उनकी हत्या कर दी गई थी।
मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने रहमान की वापसी के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का आदेश दिया है, जबकि बीएनपी ने ताकत दिखाने के लिए उनके स्वागत के दौरान लाखों समर्थकों को इकट्ठा करने का लक्ष्य रखा है।
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस की खुफिया शाखा के प्रमुख नजरूल इस्लाम ने संवाददाताओं से कहा, "हमने उनकी वापसी पर अपनी बढ़ी हुई निगरानी के तहत गुप्त और प्रत्यक्ष दोनों तरह के सुरक्षा उपाय किए हैं।"
बांग्लादेश नागर विमानन प्राधिकरण ने कहा है कि भीड़-भाड़ न हो, इसके लिए बुधवार शाम से हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आगंतुकों के प्रवेश के लिए 24 घंटे का प्रतिबंध रहेगा।
रहमान की वापसी ऐसे वक्त हो रही है, जब छात्रों के नेतृत्व में हिंसक प्रदर्शन के कारण पांच अगस्त, 2024 को तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग सरकार के गिरने के बाद बदले हुए राजनीतिक परिदृश्य में बीएनपी फिर से अग्रणी बनकर उभरी है।
सत्ता में 2001-2006 के कार्यकाल के दौरान बीएनपी की साझेदार, जमात-ए-इस्लामी और उसके इस्लामी सहयोगी अब बीएनपी की मुख्य प्रतिद्वंद्वी के रूप में हैं। अंतरिम सरकार ने एक आदेश के माध्यम से देश के सख्त आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत अवामी लीग को भंग कर दिया था।
‘ढाका ट्रिब्यून’ अखबार के अनुसार, रहमान के साथ उनकी पत्नी डॉ. जुबैदा रहमान और बेटी ज़ैमा रहमान भी आएंगी। उनके बृहस्पतिवार को स्थानीय समयानुसार पूर्वाह्न 11:55 बजे यहां हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने की संभावना है।
खबरों के मुताबिक, पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उनका स्वागत करने के लिए सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े होंगे। स्वागत समारोह में बीएनपी नेता के भाषण देने की संभावना है। भाषण के बाद, वह एवरकेयर अस्पताल में अपनी बीमार मां से मिलेंगे।
शनिवार को, उन्हें औपचारिक रूप से मतदाता के रूप में पंजीकृत किया जाएगा। रहमान युवा नेता उस्मान हादी की कब्र पर जाएंगे, जिनकी हाल में ढाका यूनिवर्सिटी सेंट्रल मस्जिद के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
रहमान को 2007-2008 के दौरान सेना समर्थित कार्यवाहक सरकार के दौरान गिरफ्तार किया गया। अंतरिम सरकार द्वारा रिहा किए जाने के बाद वह उपचार के लिए ब्रिटेन चले गए और तब से वहीं रह रहे हैं।
भाषा आशीष