मध्यप्रदेश सरकार संस्कृत और वेद शिक्षा के लिए आदि शंकराचार्य गुरुकुल स्थापित करेगी: मंत्री
दिमो राजकुमार
- 22 Dec 2025, 10:29 PM
- Updated: 10:29 PM
भोपाल, 22 दिसंबर (भाषा) मध्यप्रदेश सरकार केंद्र के संदीपनी वेदविद्या प्रतिष्ठान की तर्ज पर संस्कृत, योग और वेदों में शिक्षा के लिए दो आदि शंकराचार्य गुरुकुल स्थापित करेगी। राज्य के मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ये गुरुकुल राजगढ़ और नरसिंहपुर जिलों में बनेंगे तथा बाद में इन गुरुकुलों में गौ संरक्षण का विषय भी शुरू किया जाएगा।
शिक्षा मंत्रालय के तहत महर्षि संदीपनी राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान (एम एस आर वी वी पी) वेद पाठशालाएं स्थापित कर वैदिक अध्ययन के संरक्षण, संवर्धन और विकास में लगा हुआ है।
मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर स्कूल शिक्षा और परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने पत्रकारों से कहा,‘‘यह वैज्ञानिक रूप से सिद्ध है कि गायें व्यक्ति को ऊर्जा और प्रेरणा देती हैं, स्वस्थ रहने के लिए माहौल प्रदान करती हैं। यह अनुसंधान का केंद्र होंगा। हम शिक्षा विभाग में इस मुद्दे पर एक विचार के साथ आगे बढ़ रहे हैं।’’
उन्होंने यह भी बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग के लिए भोपाल में 20 मंजिला इमारत बनाई जाएगी, जिसमें शिक्षा विभाग के सभी कार्यालय होंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार स्कूल शिक्षा विभाग के तहत संचालित सभी 275 संदीपनी और 799 पीएम श्री स्कूलों को ‘मॉडल एनईपी (नई शिक्षा नीति) स्कूलों’ के रूप में विकसित करने पर विचार कर रही है।
उन्होंने कहा कि कुल 275 संदीपनी स्कूलों में से 79 के लिए इमारतों का काम पूरा हो गया है और लक्ष्य है कि बाकी 126 के लिए इमारतों का काम मार्च तक पूरा कर लिया जाए।
सिंह ने शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों और एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि 30,281 शिक्षकों की रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है, जबकि लगभग 24,000 योग्य शिक्षकों को उच्च पद का प्रभार देने के आदेश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा, पहली बार 20,000 से अधिक अतिरिक्त शिक्षकों को उन स्कूलों में स्थानांतरित किया गया है जहां शिक्षकों की कमी थी।
मंत्री के अनुसार, पिछले तीन सालों में सभी कक्षाओं में स्कूल छोड़ने वालों की दर कम हुई है।2024-25 में प्राथमिक स्तर पर स्कूल छोड़ने वालों की दर 6.8 प्रतिशत से घटकर शून्य हो गई है।
मंत्री ने कहा कि 2024-25 में 10 वीं कक्षा बोर्ड परीक्षाओं में पास होने का प्रतिशत 56 से बढ़कर 76.22 (20 प्रतिशत की बढ़ोतरी) हो गया, और कक्षा 12 वीं के लिए, पास होने का प्रतिशत 63 से बढ़कर 74.56 प्रतिशत हो गया।
परिवहन विभाग का ज़िक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि सीमा चेक पोस्ट पर भ्रष्टाचार की खबरों (सोशल मीडिया पर वीडियो) की जांच की जाएगी।
सिंह ने कहा, "हमने पुराने मामलों में 13 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है और छह को निलंबित कर दिया गया है।
भाषा दिमो