नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की
प्रशांत दिलीप
- 22 Dec 2025, 08:19 PM
- Updated: 08:19 PM
(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 22 दिसंबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। यह मुलाकात राज्य के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की शानदार जीत के बाद कुमार के पूर्वी राज्य की कमान फिर से संभालने के लगभग एक महीने बाद हुई।
कुमार ने, बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी और जद(यू) नेता तथा केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह के साथ, मोदी और शाह से अलग-अलग मुलाकात की और माना जाता है कि उन्होंने राज्य से संबंधित विभिन्न मुद्दों - विकास और राजनीतिक दोनों - पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।”
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने अपने उपमुख्यमंत्री चौधरी और केंद्रीय मंत्री सिंह के साथ शाह से उनके आवास पर मुलाकात की।
शाह ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में कहा, “बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह जी और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी से भेंट हुई। मोदी जी और नीतीश जी के नेतृत्व में राजग सरकार प्रदेश में जनकल्याण व सुशासन को और अधिक ऊंचाई देने के लिए कटिबद्ध है।”
प्रधानमंत्री के साथ बैठक के बाद चौधरी ने कहा कि बिहार में राजग को मिले भारी जनादेश के बाद, मुख्यमंत्री, उन्होंने और सिंह ने “विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता” प्रधानमंत्री मोदी के साथ शिष्टाचार भेंट की।
चौधरी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आदरणीय मोदी जी के निर्देशन और नेतृत्व में देश एवं बिहार निरंतर आगे बढ़ रहा है। इस दौरान विकसित बिहार के लक्ष्यों पर बहुमूल्य मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ।”
सूत्रों के अनुसार, माना जा रहा है कि अपनी बैठकों के दौरान बिहार के नेताओं ने राज्य के विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार, राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार और राज्यसभा की पांच सीट पर होने वाले आगामी चुनावों पर भी बैठकों में चर्चा हुई।
कुमार दो दिवसीय दौरे पर रविवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे थे।
बिहार विधानसभा की 243 सीट के लिए नवंबर में चुनाव हुए, जिसमें राजग ने 202 सीटें हासिल कीं और कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
भाषा प्रशांत