तमिलनाडु में सर्पदंश से हुई एक व्यक्ति की मौत जांच में बीमा राशि पाने के लिए की गयी पितृहत्या निकली
राजकुमार माधव
- 20 Dec 2025, 09:49 PM
- Updated: 09:49 PM
चेन्नई, 20 दिसंबर (भाषा) तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें लग रहा था कि एक सरकारी स्कूल के प्रयोगशाला सहायक की सांप के काटने से मौत हो गयी लेकिन जांच में सामने आया कि उसके बेटों और उनके दोस्तों ने तीन करोड़ रुपये के बीमा लाभ प्राप्त करने के लिए उसकी हत्या कर दी । एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
तिरुवल्लूर के पुलिस अधीक्षक विवेकानंद शुक्ला ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सांप के काटने के बाद व्यक्ति को अस्पताल ले जाने में हुई अत्यधिक देरी, जिसके कारण अंततः उसकी मृत्यु हो गई, ने उसके बेटे के इरादों को उजागर कर दिया और पुलिस ने इस बात की गहनता से जांचकर मामले को सुलझाया।
पोथट्टुरपेट पुलिस ने इस साल 22 अक्टूबर को सांप के काटने से हुई मौत का मामला दर्ज किया था। सरकारी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रयोगशाला सहायक 56 वर्षीय गणेशन को घर पर सांप ने काट लिया था, जिसके बाद अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
शुक्ला ने बताया कि लेकिन जांच में पता चला कि यह एक सोची-समझी हत्या थी, जिसकी योजना उनके दो बेटों मोहनराज और हरिहरन ने बनाई थी।
शुक्ला ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘आमतौर पर, जब भी किसी को सांप काटता है, लोग प्राथमिक उपचार देते हैं। इस मामले में, बेटों ने अपने पिता को पास के स्वास्थ्य केंद्र में नहीं ले गए। इसके बजाय, वे उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस के आने का लगभग 45 मिनट तक इंतजार करते रहे। इससे संदेह पैदा हुआ।’’
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल द्वारा गणेशन को मृत घोषित किये जाने के 15-20 मिनट के भीतर ही उनके बेटों ने बीमा कंपनी को फोन करके बीमा राशि प्राप्त करने का तरीका पूछा।
उन्होंने बताया कि इस व्यवहार से संदेह पैदा हुआ और पुलिस ने उनके इस दावे की सत्यता की जांच शुरू की कि सांप का काटना आकस्मिक था।
शुक्ला ने बताया कि एक विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मामले से संबंधित विभिन्न दस्तावेजों का विश्लेषण किया और जांच में पाया गया कि गणेशन के पास कई कंपनियों की लगभग 11 बीमा पॉलिसियां थीं, जिनमें से चार उनके जीवन पर थीं और उनपर तीन करोड़ रुपये तक का बीमा कवर था।
उन्होंने कहा कि हिरासत में लेकर गहनता से जांच करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा,‘‘गणेशन के दो बेटों ने अपने साथियों के साथ मिलकर यह अपराध किया।’’
उन्होंने बताया कि लगभग 10 दिन पहले भी छह आरोपियों ने इसी तरह से गणेशन को जान से मारने की कोशिश की थी, लेकिन तब पिता सांप के काटने से घायल होने के बावजूद नहीं मरे थे।
शुक्ला के अनुसार दूसरे प्रयास में, छह लोगों ने एक बेहद जहरीले सांप का इस्तेमाल किया और यह सुनिश्चित किया कि सांप गणेशन की गर्दन पर काटे।
उन्होंने बताया कि सांप ने जब गणेशन को काट लिया तब उसे (सांप को) घर के अंदर ही मार दिया गया ताकि इसे एक दुर्घटना दिखाया जा सके।
उन्होंने कहा कि हत्या के आरोप में सभी छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और विधिक कार्यवाही के तहत उन्हें पुझल जेल भेज दिया गया है।
भाषा
राजकुमार