उप्र के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, कड़ाके की ठंड जारी
जफर अमित
- 19 Dec 2025, 10:15 PM
- Updated: 10:15 PM
लखनऊ, 19 दिसंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा और दिन में देर तक बना रहा, जिससे राज्य के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही हैं। यह जानकारी मौसम विभाग ने शुक्रवार को दी।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने इस स्थिति के लिए उत्तर भारत से होकर गुजरने वाली पश्चिमी हवाओं को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि इसके परिणामस्वरूप, पिछले 72 घंटे में कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया, जबकि न्यूनतम तापमान में अधिक बदलाव नहीं हुआ।
पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे तक मौसम की ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना है, जिसमें राज्य के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा और ठंड से लेकर बहुत अधिक ठंड पड़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इसके बाद आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी और कोहरे की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।
मौसम केंद्र, लखनऊ ने कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जिन इलाकों में बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है, उनमें कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कानपुर नगर और देहात, उन्नाव, रायबरेली, अयोध्या, सुल्तानपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत और आसपास के इलाके शामिल हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को लखनऊ में दिन के तापमान में तेज गिरावट आई, अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.5 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज़्यादा है। विभाग ने बताया कि सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच लखनऊ में कोई बारिश दर्ज नहीं की गई।
मौसम विभाग ने कहा कि लखनऊ और आसपास के इलाकों में देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की बहुत ज़्यादा संभावना है, जबकि दिन में आसमान ज़्यादातर साफ़ रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने कहा कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 20 डिग्री सेल्सियस और 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
इस बीच, राहत आयुक्त कार्यालय ने बताया कि राज्य भर में 12 करोड़ से अधिक मोबाइल इस्तेमालकर्ताओं को मौसम अलर्ट भेजे गए हैं। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि कंबल वितरण, नाइट शेल्टर और अलाव की लगातार निगरानी की जा रही है, जबकि 1070 हेल्पलाइन के ज़रिये आपातकालीन सहायता प्रदान की जा रही है।
मौसम विभाग ने लगभग 40 जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने 40 जनपदों में शीतदिवस अलर्ट का पूर्वानुमान एवं संभावना जारी की है।
इसके उपरान्त राहत आयुक्त हृषिकेश भास्कर याशोद की निगरानी में नियंत्रण कक्ष द्वारा लगातार संदेश के माध्यम से संबंधित जनपदों के जिलाधिकारियों/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक सहित आपदा प्रबंधन से जुड़े अन्य अधिकारियों व आमजनमानस को चेतावनी का अलर्ट भेजा जा रहा है।
नियंत्रण कक्ष द्वारा सचेत ऐप के माध्यम से बृहस्पतिवार व शुक्रवार के मध्य 12 करोड़ 52 लाख लोगों के मोबाइल पर संदेश के माध्यम से मौसम का अलर्ट भेजा गया।
राहत आयुक्त भास्कर याशोद ने बताया कि आगे भी मौसम विभाग के माध्यम से पूर्वानुमान एवं चेतावनी प्राप्त होने पर आमलोगों के मोबाइल पर मौसम संबंधी एलर्ट नियंत्रण कक्ष द्वारा भेजे जायेंगे। उन्होंने आमजन से अपील किया कि वे ये संदेश पढ़कर उसी अनुसार अपनी यात्रा निर्धारित करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को शीतलहर एवं ठण्ड से बचने की अत्यन्त आवश्यकता है। उन्होंने सरकार द्वारा ठण्ड एवं शीतलहर से बचाव के संबंध में जारी दिशानिर्देश का अनुपालन करने की अपील की।
भाषा जफर