ठाणे: आवासीय परिसर में घुसे तेंदुए ने चार लोगों पर हमला किया,घंटों बाद पकड़ा गया
प्रचेता रंजन
- 19 Dec 2025, 08:03 PM
- Updated: 08:03 PM
मुंबई/ठाणे, 19 दिसंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भायंदर शहर में शुक्रवार सुबह आवासीय परिसर में भटककर आए तेंदुए के हमले में चार लोग घायल हो गए। इस घटना से स्थानीय लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए एक अभियान चलाया गया जिसके कुछ घंटों बाद ही उसे बेहोश कर पकड़ लिया गया।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘भायंदर पूर्व के तलाव मार्ग स्थित घनी आबादी वाले आवासीय इलाके में तड़के एक तेंदुआ भटककर आ गया और उसने कुछ राहगीरों पर हमला कर दिया। इसके बाद वह ‘पारिजात’ नामक इमारत में घुस गया जहां उसने कुछ निवासियों पर भी हमला किया।”
उन्होंने बताया कि तेंदुआ कुछ समय के लिए आवासीय सोसायटी के एक कमरे में छिपा रहा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में तेंदुआ को संकरे रास्ते और सीढ़ीनुमा स्थान से गुजरते हुए देखा गया।
अधिकारी ने बताया, “तेंदुआ के अचानक दिखाई देने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डरकर अपने घरों में चले गए।”
उन्होंने बताया कि घायलों को बाद में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है और सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
अधिकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही नवघर थाना और भायंदर अग्निशमन दल के कर्मी मौके पर पहुंचे और इलाके को सुरक्षित करने के लिए एक अभियान शुरू किया गया। इस अभियान में ठाणे के वन विभाग और संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (एसजीएनपी) की टीम भी शामिल हुईं।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘तेंदुआ को घेरकर इमारत के एक फ्लैट में सुरक्षित रूप से बंद कर दिया गया है ताकि आगे किसी को नुकसान न हो। एहतियात के तौर पर पूरी इमारत और आसपास के इलाके को घेर लिया गया है और निवासियों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है।’’
उन्होंने बताया कि इसके बाद वन विभाग और एसजीएनपी की टीम ने तेंदुए को बेहोश किया और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि तेंदुए को मुंबई के बोरीवली स्थित एसजीएनपी के 'तेंदुआ बचाव केंद्र' ले जाया जाएगा, जहां विशेषज्ञों द्वारा उसकी चिकित्सा जांच की जाएगी और उसके पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू होगी।
मानद वन्यजीव संरक्षक एवं गैर सरकारी संगठन ‘रेस्किंक एसोसिएशन फॉर वाइल्डलाइफ वेलफेयर’ (आरएडब्ल्यूडब्ल्यू) के संस्थापक पवन शर्मा ने कहा, “हमारी टीम इलाके में स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और जरूरत पड़ने पर बचाव सहायता तैयार रखी गई है।”
आरएडब्ल्यूडब्ल्यू मुंबई स्थित एक गैर-सरकारी संगठन है, जो मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और शहरी वन्यजीव संरक्षण के लिए काम करता है।
भाषा प्रचेता